नालंदा जिले के आवासीय विद्यालयों में दीदी की रसोई’ का शुभारंभ

WhatsApp Channel Join Now
नालंदा जिले के आवासीय विद्यालयों में दीदी की रसोई’ का शुभारंभ


नालंदा, बिहारशरीफ 03 सितंबर (हि.स.)।नालंदा जिले के बिहारशरीफ शहर स्थित अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालय में अध्ययनरत लगभग 300 छात्र-छात्राओं को शुद्ध, पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आज गुरुवार को “बिहार ग्रामीण जीविकोपार्जन प्रोत्साहन समिति–जीविका” की ओर से ‘दीदी की रसोई’ का भव्य शुभारंभ किया गया।दीदी की रसोई’ का उद्घाटन बिहार सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने किया।इस अवसर पर नालंदा के सांसद कौशलेन्द्र कुमार तथा उप विकास आयुक्त सारा अशरफ बतौर अतिथि उपस्थित रहीं।

इस रसोई के संचालन की जिम्मेदारी जीविका से जुड़ी महिलाओं को सौंपी गई है। रसोई में लगभग 12 जीविका दीदियाँ भोजन तैयार करने से लेकर छात्र-छात्राओं को भोजन परोसने एवं खिलाने तक की जिम्मेदारी संभालेंगी। वहीं, लगभग 8 जीविका दीदियाँ साफ-सफाई एवं स्वच्छता संबंधी कार्यों का दायित्व निभाएंगी।‘दीदी की रसोई’ के माध्यम से जहां आवासीय विद्यालय के छात्र-छात्राओं को स्वच्छ वातावरण में पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध होगा, वहीं जीविका से जुड़ी महिलाओं को सम्मानजनक आजीविका एवं आर्थिक सशक्तीकरण का अवसर भी प्राप्त होगा।

इस मौके पर मंत्री ने रसोई में कार्यरत सभी जीविका दीदियों से संवाद किया और उन्हें अपने कार्य में दक्षता हासिल करते हुए साफ़ सफ़ाई और भोजन की

गुणवत्ता को बनाए रखने का निर्देश दिया। साथ ही उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए शुभकामनाएँ दीं।यह पहल ग्रामीण एवं वंचित समुदायों की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने तथा उनके कौशल को आजीविका के स्थायी साधन में बदलने की दिशा में जीविका के प्रयासों का एक महत्वपूर्ण उदाहरण है। ‘दीदी की रसोई’ के माध्यम से पोषण, स्वच्छता और महिला सशक्तीकरण तीनों लक्ष्यों को एक साथ साधने का प्रयास किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे

Share this story