ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में पहल, आस्थावां में खुला दूसरा सुधा बिक्री केंद्र

WhatsApp Channel Join Now
ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में पहल, आस्थावां में खुला दूसरा सुधा बिक्री केंद्र


नालंदा, बिहारशरीफ 29 अगस्त (हि.स.)।कॉफेड एवं जीविका के संयुक्त तत्वावधान में ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर उनके आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है।

इसी क्रम में अस्थावां प्रखंड के सारे पंचायत में जीविका की दीदी वंदना देवी को आवंटित सुधा बिक्री केंद्र का उद्घाटन आज शनिवार को जिले की उप विकास आयुक्त सारा अशरफ़ द्वारा किया गया। यह नालंदा जिले का दूसरा सुधा बिक्री केंद्र है। जिले में ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार एवं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से इसी प्रकार के 225 और सुधा बिक्री केंद्र खोले जाने हैं।

इन केंद्रों के माध्यम से जीविका से जुड़ी महिलाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार का अवसर मिलेगा तथा उनकी आय के स्रोत को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

उद्घाटन के अवसर पर उप विकास आयुक्त ने जीविका दीदी वंदना देवी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ना उनके आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में प्रभावी कदम है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि सुधा बिक्री केंद्र के माध्यम से वंदना देवी अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाते हुए आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश करेंगी।

इस अवसर पर कॉफेड के मुख्य कार्यपालक अरविंद कुमार सिंह, जीविका के जिला परियोजना प्रबंधक संजय प्रसाद पासवान, पशुधन प्रबंधक राजीव कुमार, संचार प्रबंधक संतोष कुमार, प्रखंड परियोजना प्रबंधक कुमार गौरव एवं क्षेत्रीय समन्वयक ओम प्रताप सिंह सहित जीविका के अन्य कर्मी उपस्थित रहे।अधिकारियों एवं जीविका कर्मियों ने सुधा बिक्री केंद्र की संचालक जीविका दीदी वंदना देवी को व्यवसाय के सफल संचालन एवं निरंतर प्रगति के लिए शुभकामनाएं दीं।ग्रामीण महिलाओं को रोजगार से जोड़ने की इस पहल से जिले में महिला उद्यमिता को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ आर्थिक आत्मनिर्भरता और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे

Share this story