फुल एक्शन मोड में पूर्णिया पुलिस : 33 गिरफ्तार, रात में सुपर पेट्रोलिंग, घायलों को डेढ़ लाख तक मुफ्त इलाज

WhatsApp Channel Join Now
फुल एक्शन मोड में पूर्णिया पुलिस : 33 गिरफ्तार, रात में सुपर पेट्रोलिंग, घायलों को डेढ़ लाख तक मुफ्त इलाज


पूर्णिया, 28 नवंबर (हि.स.)।

अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और आमजन की सुरक्षा को लेकर पूर्णिया पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में है। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में गिरफ्तारी अभियान, सघन वाहन जांच, रात्रि गश्त और सड़क दुर्घटना में घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में कार्रवाई तेज कर दी गई है।

पुलिस द्वारा शुक्रवार को जिलेभर में विभिन्न मामलों में 33 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। इनमें शराब से जुड़े मामलों में 18, गैरजमानती वारंट में छह, हत्या के मामले में दो, शस्त्र अधिनियम में दो, दुष्कर्म एवं पॉक्सो अधिनियम के मामलों में दो तथा अन्य मामलों में तीन आरोपित शामिल हैं। अभियान के दौरान 115 लीटर देसी और डेढ़ लीटर विदेशी शराब, एक देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, दो मोटरसाइकिल, एक चारपहिया वाहन तथा चांदी के पांच आभूषण बरामद किए गए। वाहन जांच में चार लाख चार हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।

अपराध नियंत्रण और रात्रिकालीन सुरक्षा को लेकर प्रतिदिन रात दस बजे से सुबह चार बजे तक अनुमंडलवार सुपर पेट्रोलिंग की व्यवस्था लागू की गई है। आमजन की सहायता के लिए पुलिस पदाधिकारियों के संपर्क नंबर भी जारी किए गए हैं।

वहीं, सड़क दुर्घटना में घायलों को पीएम राहत योजना के तहत डेढ़ लाख रुपये तक कैशलेस इलाज उपलब्ध कराने के लिए शनिवार को विभिन्न थानों के नोडल पदाधिकारियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। पुलिस के अनुसार इसके लिए आयुष्मान कार्ड अथवा बीमा की आवश्यकता नहीं होगी। यह सुविधा राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल पूर्णिया, सभी प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों तथा 14 चिह्नित निजी अस्पतालों में उपलब्ध है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नंदकिशोर सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784915 Articles

Share this story