स्कूल में शिक्षिका के वायरल वीडियो वीडियो मामले में सीडब्लूसी ने लिया संज्ञान
अररिया 18 जुलाई(हि.स.)।
जिले के जोगबनी स्थित प्राथमिक विद्यालय खजुरबाड़ी के शिक्षिका के द्वारा स्कूल के बच्चों से बेंच लगवाकर कार्यालय में प्रवेश करने का पिछले दिनों वायरल वीडियो मामले में जिला बाल कल्याण समिति ने स्वतः संज्ञान लिया है और मामले में सात दिनों के भीतर जिला शिक्षा पदाधिकारी को जांच कराने और की गई कार्रवाई से संबंधित प्रतिवेदन प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है।जिला बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष दीपक कुमार रिंकू ने इसको लेकर डीईओ को पत्र लिखा है।
समिति ने स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद मामले में आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। यह कदम 16 जुलाई को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए वीडियो के बाद उठाया गया है, जिसने बिहार की शिक्षा व्यवस्था और स्कूलों की आधारभूत सुविधाओं पर सवाल खड़े किए थे।
वायरल वीडियो में जोगबनी नगर स्थित प्राथमिक विद्यालय खजूरबाड़ी का परिसर जलजमाव से घिरा है। वीडियो में एक शिक्षिका छोटे-छोटे बच्चों से बेंच उठवाकर पानी के बीच बिछवाती नजर आती हैं। इसके बाद शिक्षिका उन्हीं बेंचों पर चलकर स्कूल भवन के अंदर प्रवेश करती दिखाई देती हैं।इस दौरान बच्चे भी पानी के बीच बेंच उठाते हुए नजर आते हैं। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने बच्चों की सुरक्षा और विद्यालय की बदहाल स्थिति को लेकर चिंता जताई थी।
बाल कल्याण समिति अध्यक्ष का कहना है कि जांच प्रतिवेदन प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि वायरल वीडियो में दिखी परिस्थितियों के लिए कौन जिम्मेदार है और संबंधित अधिकारियों या कर्मियों के विरुद्ध क्या कार्रवाई की जाती है।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

