जोगबनी एसएचओ निलंबित, मदनपुर और बरदाहा एसएचओ लाइन हाजिर
अररिया 07 अगस्त(हि.स.)। अररिया एसपी जितेन्द्र कुमार ने पूर्णिया आईजी के निर्देश पर जिले के तीन थानाध्यक्षों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए जोगबनी थानाध्यक्ष को निलंबित कर दिया, वहीं मदनपुर और बरदाहा थानाध्यक्ष को लाइन हाजिर कर दिया है।
एसपी जितेन्द्र कुमार ने तीनों थानाध्यक्ष के खिलाफ कार्रवाई के लिए पूर्णिया प्रक्षेत्र के आरक्षी महानिरीक्षक विवेकानंद को अनुशंसा किया था,जिस पर आईजी के मुहर लगने के बाद यह कार्रवाई की गई। इससे ठीक दो दिन पहले सर्विस कोड उल्लंघन के गंभीर आरोप में कुआड़ी थानाध्यक्ष राजू कुमार को निलंबित किया गया था।
जानकारी एसपी जितेन्द्र कुमार ने देते हुए बताया कि जोगबनी थानाध्यक्ष महादेव कामत को स्मैक,गांजा और प्रतिबंधित कोडीन युक्त कफ सिरप के तस्करों के साथ सांठगांठ कर अवैध उगाही करने तथा तस्करों के ठिकानों पर छापेमारी न करने के गंभीर आरोप में निलंबन की गई है।
वहीं बरदाहा थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार सिंह और मदनपुर थानाध्यक्ष शम्सुद्दीन अंसारी को कार्य में लापरवाही,तकनीकी ज्ञान की कमी और क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क एंड सिस्टम में दक्ष न होने और विभागीय लापरवाही के आरोप में लाइन हाजिर किया गया है।
एसपी ने स्पष्ट कहा कि पुलिसिंग में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस अधिकारियों को समय के अनुरूप तकनीकी अनुसंधान में दक्षता हासिल करना होगा और तस्करों से सांठगांठ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

