अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई, चेघरियां बांध के पास दो ट्रैक्टर जब्त, दो गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई, चेघरियां बांध के पास दो ट्रैक्टर जब्त, दो गिरफ्तार


किशनगंज, 01 सितंबर (हि.स.)। जिले में अवैध खनन और खनिज पदार्थों के अवैध परिवहन के खिलाफ खनन विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। जिलाधिकारी नवीन कुमार के निर्देश पर खान निरीक्षक सुनील कुमार के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के तहत खनन विभाग की टीम ने चेघरियां बांध के पास छापेमारी कर अवैध खनन में लगे दो ट्रैक्टरों को जब्त किया है।

कार्रवाई के दौरान दो लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है।

खनन विभाग की इस कार्रवाई से अवैध खनन और परिवहन में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है। विभाग की टीम ने मौके पर अवैध रूप से खनन करते दोनों ट्रैक्टरों को पकड़ा और उन्हें जब्त कर लिया। मामले में गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ किशनगंज थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मंगलवार को खान निरीक्षक सुनील कुमार ने बताया कि जिले में अवैध खनन एवं खनिज पदार्थों के अवैध परिवहन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार के राजस्व को नुकसान पहुंचाने वाले ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

खान निरीक्षक ने कहा कि अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए विभाग की ओर से लगातार निगरानी की जा रही है। संवेदनशील क्षेत्रों को चिह्नित कर वहां विशेष रूप से छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना वैध अनुमति के खनन अथवा खनिज पदार्थों का परिवहन करते पकड़े जाने पर संबंधित वाहन को जब्त करने के साथ-साथ आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि जिले में अवैध खनन एवं परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। विभाग की कार्रवाई से खनन माफियाओं और अवैध रूप से खनिजों का परिवहन करने वालों पर शिकंजा कसने की उम्मीद है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story