बीएयू सबौर को आईसीएआर से मिला प्रतिष्ठित ए ग्रेड, शैक्षणिक उत्कृष्टता को मिली मजबूती

WhatsApp Channel Join Now
बीएयू सबौर को आईसीएआर से मिला प्रतिष्ठित ए ग्रेड, शैक्षणिक उत्कृष्टता को मिली मजबूती


भागलपुर, 14 अप्रैल (हि.स.)। बिहार कृषि विश्वविद्यालय सबौर ने आईसीएआर द्वारा आयोजित मान्यता प्रक्रिया में ए ग्रेड प्राप्त कर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है, जो विश्वविद्यालय के शैक्षणिक एवं संस्थागत प्रदर्शन में उल्लेखनीय प्रगति को दर्शाता है आईसीएआर प्रत्येक पाँच वर्ष में देश के सभी राज्य कृषि विश्वविद्यालयों का व्यापक मूल्यांकन करता है, जिसमें शैक्षणिक कार्यक्रमों की गुणवत्ता, अनुसंधान उपलब्धियाँ, आधारभूत संरचना तथा समग्र संस्थागत कार्यप्रणाली का आकलन किया जाता है।

इसी क्रम में आईसीएआर की पीयर रिव्यू टीम ने 16 से 19 फरवरी के बीच बीएयू सबौर का दौरा कर शैक्षणिक उत्कृष्टता, प्रशासनिक व्यवस्था और नवाचार से जुड़े विभिन्न मानकों का मूल्यांकन किया। यह उपलब्धि विशेष रूप से उल्लेखनीय है। क्योंकि पिछले मान्यता चक्र में विश्वविद्यालय को सी ग्रेड प्राप्त हुआ था। इस बार ए ग्रेड तक की उन्नति विश्वविद्यालय द्वारा शैक्षणिक ढाँचे को सुदृढ़ करने, अनुसंधान की गुणवत्ता बढ़ाने, आधारभूत सुविधाओं के उन्नयन तथा नवाचार आधारित कृषि शिक्षा को बढ़ावा देने के निरंतर प्रयासों का परिणाम है।

यह मान्यता बीएयू सबौर को देश के अग्रणी कृषि शिक्षण एवं अनुसंधान संस्थानों में स्थापित करती है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस सफलता का श्रेय अपने शिक्षकों, वैज्ञानिकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों के सामूहिक समर्पण एवं निरंतर प्रयासों को दिया है। इस उपलब्धि पर संतोष व्यक्त करते हुए बीएयू सबौर के कुलपति ने कहा कि आईसीएआर द्वारा प्राप्त यह ए ग्रेड पूरे विश्वविद्यालय परिवार के लिए गर्व का क्षण है। यह हमारी शैक्षणिक उत्कृष्टता, गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान तथा प्रभावी विस्तार सेवाओं के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। सी से ए ग्रेड तक की यह प्रगति हमारे शिक्षकों, वैज्ञानिकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत और समर्पण का प्रमाण है। हम कृषि समुदाय की सेवा और राष्ट्रीय कृषि विकास में योगदान हेतु अपने शैक्षणिक एवं अनुसंधान तंत्र को और सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। आईसीएआर द्वारा मिली इस मान्यता से विश्वविद्यालय को शैक्षणिक सहयोग, अनुसंधान वित्तपोषण तथा संस्थागत विकास के नए अवसर प्राप्त होने की उम्मीद है। साथ ही, यह क्षेत्र में कृषि नवाचार और क्षमता निर्माण को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी, जिससे बीएयू सबौर की सतत कृषि विकास में भूमिका और सुदृढ़ होगी। उल्लेखनीय है कि कुछ माह पूर्व ही विश्व विद्यालय को नैक द्वार भी ए ग्रेड प्राप्त हुआ था। लगतार प्रतिष्ठित संस्थानों से ए ग्रेड मिलना विश्व विद्यालय के शैक्षणिक उत्कृष्टता की पहचान है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story