डीजे संचालक पर हत्या का आरोप, अस्पताल में शव छोड़कर हुआ फरार; पुलिस जांच में जुटी

WhatsApp Channel Join Now
डीजे संचालक पर हत्या का आरोप, अस्पताल में शव छोड़कर हुआ फरार; पुलिस जांच में जुटी


भागलपुर, 01 नवंबर (हि.स.)। जिले के ललमटिया थाना क्षेत्र के पासी टोला में एक 18 वर्षीय युवक रोशन कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

घटना के बाद से ही मृतक के परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है। मृतक के पिता विनय कुमार चौधरी ने 'टीडी इवेंट डीजे' के संचालक श्रवण पर अपने बेटे की हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है।

परिजन से मिली जानकारी के मुताबिक, रोशन डीजे बजाने और वहां मजदूरी का काम करता था। शनिवार की शाम को रामसर मोहल्ला निवासी डीजे संचालक श्रवण उसे एक शादी समारोह (बारात) में काम के सिलसिले में घर से बुलाकर ले गया था। इसके बाद देर रात श्रवण ने परिजन को फोन पर सूचना दी कि रोशन को करंट लग गया है और उसे इलाज के लिए मायागंज अस्पताल ले जाया गया है।

सूचना मिलते ही जब परिजन आनन-फानन में मायागंज अस्पताल पहुंचे, तो वहां का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। रोशन का शव अस्पताल की सीढ़ियों के नीचे लावारिस हालत में पड़ा हुआ था और डीजे संचालक श्रवण मौके से फरार हो चुका था।

परिजन का आरोप है कि अगर यह महज एक दुर्घटना थी, तो श्रवण शव को इस तरह छोड़कर क्यों भागा? इसी आधार पर मृतक के पिता ने आशंका जताई है कि उनके बेटे की सोची-समझी साजिश के तहत हत्या की गई है और करंट लगने की बात मनगढ़ंत है।

घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ललमटिया थाना पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह (करंट लगना या हत्या) पूरी तरह साफ हो पाएगी। फिलहाल पुलिस फरार डीजे संचालक श्रवण की तलाश में छापेमारी कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770550 Articles

Share this story