गरखा हत्याकांड का नामजद अभियुक्त गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now

सारण, 05 अप्रैल (हि.स.)। पुलिस ने अपराधियों के विरुद्ध जारी विशेष अभियान के तहत एक सफलता हासिल की है। पुलिस ने गरखा थाना क्षेत्र के एक चर्चित हत्याकांड में संलिप्त मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने में कामयाबी पाई है। वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार के निर्देशानुसार जिले में वांछित और फरार अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे निरंतर अभियान के दौरान गरखा पुलिस को यह सफलता मिली।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि हत्याकांड का नामजद अभियुक्त क्षेत्र में ही छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने त्वरित छापामारी कर चंदन कुमार सिंह पिता लालबाबू सिंह को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त मैकी गाँव का निवासी है और वह गरखा थाना कांड संख्या 28/25 का मुख्य नामजद आरोपी था। उस पर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं, जिनमें हत्या और दंगा भड़काने जैसी धाराएँ शामिल हैं के तहत मामला दर्ज है। पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी। पुलिस के अनुसार अभियुक्त से पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस कार्रवाई में गरखा थानाध्यक्ष सहित अन्य पुलिस बल के जवान शामिल थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Share this story