हरियाणा में साथी की हत्या कर किशनगंज में छिपा था आरोपी, RPF ने दबोचा
किशनगंज, 10 अक्टूबर (हि.स.)। हरियाणा में अपने साथी की हत्या कर फरार हुआ आरोपी किशनगंज में आकर छिपा हुआ था।
रेलवे सुरक्षा बल ने रेल पुलिस के सहयोग से संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद मामले की जानकारी हरियाणा पुलिस को दे दी गई है। अब हरियाणा पुलिस आरोपी को अपने साथ ले जाकर हत्या के मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के निवासी संदीप मिस्त्री के रूप में हुई है। बताया जाता है कि आरोपी हरियाणा में ठेकेदार जितेंद्र के साथ काम करता था। इसी दौरान किसी घटना में उसने अपने एक साथी के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी हरियाणा से फरार हो गया और किशनगंज पहुंचकर छिपकर रहने लगा। जानकारी के अनुसार, हत्या के इस मामले में छह अक्टूबर को केस दर्ज किया गया था। मामला दर्ज होने के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था। हरियाणा पुलिस मामले की जांच और आरोपी की तलाश में जुटी थी।
इसी क्रम में जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि हत्या का आरोपी किशनगंज में छिपा हुआ है। इसके बाद हरियाणा पुलिस ने किशनगंज रेलवे सुरक्षा बल से संपर्क कर आरोपी की गिरफ्तारी में सहयोग मांगा। मामले की गंभीरता को देखते हुए किशनगंज आरपीएफ इंस्पेक्टर एचके शर्मा के नेतृत्व में टीम सक्रिय हुई। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर रेल पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई की गई और आरोपी संदीप मिस्त्री को गिरफ्तार कर लिया गया। इस कार्रवाई से हरियाणा में हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी की तलाश को महत्वपूर्ण सफलता मिली।
आरपीएफ इंस्पेक्टर एचके शर्मा ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद हरियाणा पुलिस को सूचना दे दी गई है। हरियाणा पुलिस आरोपी को अपने साथ ले जाकर मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी करेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

