सरकारी नौकरी का झांसा देकर चार लाख की ठगी, फर्जी जॉइनिंग लेटर थमाने का आरोप

WhatsApp Channel Join Now
सरकारी नौकरी का झांसा देकर चार लाख की ठगी, फर्जी जॉइनिंग लेटर थमाने का आरोप


किशनगंज, 06 अक्टूबर (हि.स.)। किशनगंज में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की कथित ठगी और फर्जी जॉइनिंग लेटर देने का मामला सामने आया है। पूर्णिया जिले के अमौर निवासी मो. असलम राही ने मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक किशनगंज को आवेदन देकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।

पीड़ित ने किशनगंज के उत्क्रमित मध्य विद्यालय महलबाड़ी में पदस्थापित सहायक शिक्षक पंकज कुमार बोसाक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। आवेदन के अनुसार, शिक्षक पंकज कुमार बोसाक ने पीड़ित को पशुपालन विभाग में सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा दिया और इसके एवज में चार लाख रुपये की मांग की। नौकरी की उम्मीद में पीड़ित ने 50 हजार रुपये ऑनलाइन तथा तीन लाख 50 हजार रुपये नकद आरोपी को दिए।

आरोप है कि रकम लेने के बाद शिक्षक उसे पटना ले गया, जहां फर्जी जॉइनिंग लेटर दिया गया।इसके बाद पटना में ही ट्रेनिंग कराई गई और नोटरी के माध्यम से शपथ पत्र भी बनवाया गया। पीड़ित का आरोप है कि इस दौरान उसकी मुलाकात डॉ. विष्णु कांत कुमार, निवासी नालंदा, वर्तमान पता कदमकुआं पटना से कराई गई।

आरोप है कि पीड़ित समेत चार अन्य युवकों को भी इसी तरह झांसे में रखकर फर्जी ट्रेनिंग दी गई और संबंधित जिलों में योगदान करने के लिए भेजा गया। जब पीड़ित अपने जिले के संबंधित विभाग में योगदान करने पहुंचा तो पूरे फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ। इसके बाद उसने आरोपी से रकम वापस मांगी। शुरू में पैसे लौटाने का आश्वासन दिया गया, लेकिन चार-पांच महीने से टालमटोल के बाद अब रकम लौटाने से इनकार किया जा रहा है।

पीड़ित ने फोन पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। वहीं, आरोपी के भाई संजीत कुमार बोसाक पर पीछा करने और डराने-धमकाने का आरोप लगाया गया है। मामले में सदर थाना किशनगंज में प्राथमिकी संख्या 08/26, धारा 318(4)/316(2) बीएनएस-2023 के तहत दर्ज की गई है। पीड़ित ने एसपी से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और ठगी की रकम वापस दिलाने की गुहार लगाई है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story