छात्रा को बाइक ने मारी टक्कर, मौत : सदर थाना गेट के पास हादसा, बाइक सवार समेत तीन घायल
सुपौल, 15 मार्च (हि.स.)। रविवार की सुबह सुपौल में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 7वीं कक्षा में पढ़ने वाली 11 वर्षीय छात्रा की मौत हो गई। यह हादसा सदर थाना गेट के पास सुपौल–सहरसा मुख्य सड़क पर हुआ। दुर्घटना में मोटरसाइकिल सवार समेत तीन लोग भी घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार मृत छात्रा की पहचान सदर थाना क्षेत्र निवासी मो. आजाद की 11 वर्षीय पुत्री सजदा परवीन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रविवार सुबह वह सड़क किनारे पैदल जा रही थी। इसी दौरान कैंप टोला की ओर से आ रही तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मोटरसाइकिल पर सवार लोग अपने एक भाई को रेलवे स्टेशन छोड़ने जा रहे थे। जैसे ही वे सदर थाना गेट के पास पहुंचे, तभी अचानक सड़क पार कर रही छात्रा उनकी बाइक की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे में मोटरसाइकिल सवार समेत तीन लोग भी घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुट गए। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।
पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। वहीं घायलों को भी इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।
इस संबंध में सदर थानाध्यक्ष रामसेवक रावत ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

