नवादा में ट्रैक्टर ने मोटरसाइकिल में मारी टक्कर,दो युवक की मौत

WhatsApp Channel Join Now
नवादा में ट्रैक्टर ने मोटरसाइकिल में मारी टक्कर,दो युवक की मौत


नवादा, 20 मई (हि.स.)। बिहार में नवादा जिले के सीतामढ़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत अकबरपुर-सीतामढ़ी एसएच-103 सड़क पर बुधवार को दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना बेलवान गांव के पास हुई, जहां तेज रफ्तार ट्रैक्टर और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रैक्टर सड़क से नीचे उतरकर खेत में पलट गया, जबकि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

मृतकों की पहचान सीतामढ़ी थाना क्षेत्र के नीमा मुडहेता गांव निवासी 30 वर्षीय रंजीत कुमार एवं 35 वर्षीय समरेश यादव के रूप में हुई है। बताया जाता है कि दोनों युवक हिसुआ बाजार से अपने गांव लौट रहे थे, तभी बेलवान गांव के पास यह हादसा हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही सीतामढ़ी थाना की 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची। टीम में ड्राइवर पप्पू कुमार, एसआई मोती लाल तथा सिपाही सुनील कुमार शामिल थे। बाद में थाना अध्यक्ष भी घटनास्थल पहुंचकर मामले की जांच और आगे की कार्रवाई में जुट गए। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि बेलवान गांव के पास एसएच-103 सड़क पर आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन अब तक प्रशासन द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। घटना की सूचना पर पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन

Share this story