तेज रफ्तार ई-रिक्शा ने युवक को रौंदा, इलाज के दौरान मौत विरोध में सड़क जाम

WhatsApp Channel Join Now
तेज रफ्तार ई-रिक्शा ने युवक को रौंदा, इलाज के दौरान मौत विरोध में सड़क जाम


नालंदा, 03 जुलाई (हि.स.)।

जिले के हरनौत थाना क्षेत्र में शुक्रवार को सड़क हादसे में 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसा बख्तियारपुर-रजौली फोरलेन पर डिहरीगढ़ गांव के पास हुआ, जहां घर के बाहर खड़े युवक को तेज रफ्तार और अनियंत्रित ई-रिक्शा ने जोरदार टक्कर मार दी।

गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया है।मृतक की पहचान डिहरीगढ़ गांव निवासी प्रमोद महतो के 35 वर्षीय पुत्र नितिश कुमार के रूप में हुई है। बताया जाता है कि नितिश कुमार अपने घर के बगल में खड़े थे। इसी दौरान बख्तियारपुर की ओर से हरनौत आ रहा तेज रफ्तार ई-रिक्शा अचानक अनियंत्रित हो गया और उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि नितिश कई फीट दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल कल्याणबीघा रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रेफर कर दिया गया। हालांकि इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

हरनौत थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर मुकेश कुमार वर्मा ने बताया कि दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हुई है। ई-रिक्शा चालक को मौके से पकड़ लिया गया है और लोगों को समझाकर जाम समाप्त करा दिया गया है। वहीं प्रारंभिक जांच में चालक के नशे की हालत में होने की बात सामने आई है। पुलिस ने ई-रिक्शा को जब्त कर लिया है तथा चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।थानाध्यक्ष ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया चल रही है। परिजनों से आवेदन मिलने के बाद विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे

Share this story