राखी बंधवाने सिलीगुड़ी जा रहे चिकित्सक समेत दो की सड़क हादसे में मौत, दो घायल

WhatsApp Channel Join Now
राखी बंधवाने सिलीगुड़ी जा रहे चिकित्सक समेत दो की सड़क हादसे में मौत, दो घायल


किशनगंज, 28 अगस्त (हि.स.)। बिहार में किशनगंज जिले के सुखानी थाना क्षेत्र के एनएच-327ई पर शुक्रवार को ट्रक और कार की भीषण टक्कर में कार सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए।

हादसे के बाद घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया, जहां उपचार के दौरान एक अन्य व्यक्ति की मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतकों की पहचान चिकित्सक डॉ. अनिल कुमार सिंह (65), निवासी बहेड़ी, दरभंगा तथा पवन यादव (50), निवासी अमरनाथ, मधुबनी के रूप में हुई है। घायलों में तेज नारायण मुखिया (52), निवासी सिंहिया, समस्तीपुर और राधेश्याम शर्मा (50), निवासी मधुबनी शामिल हैं। राधेश्याम शर्मा सीएम साइंस कॉलेज में प्रोफेसर बताए गए हैं। बताया गया कि चारों लोग आर्टिगा कार से मधुबनी से सिलीगुड़ी जा रहे थे।

रक्षाबंधन के अवसर पर राधेश्याम शर्मा अपनी बहन से राखी बंधवाने सिलीगुड़ी जा रहे थे। उनके साथ उनके परिचित भी थे। इसी दौरान कार जैसे ही सुखानी थाना क्षेत्र में एनएच-327ई पर पहुंची, सामने से गलत दिशा में आ रहे एक ट्रक ने कार में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार में सवार पवन यादव की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने पर संबंधित थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा। अस्पताल में उपचार के दौरान डॉ. अनिल कुमार सिंह की भी मौत हो गई।

घायल प्रोफेसर राधेश्याम शर्मा ने सदर अस्पताल में डॉ. अनिल कुमार सिंह के इलाज में कथित देरी का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि घायल अवस्था में अस्पताल पहुंचने के बाद एक्स-रे कराने की बात कहने पर अस्पताल कर्मी ने परिजनों के आने का इंतजार करने की बात कही। उन्होंने पूरे मामले की जांच के लिए अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज की जांच कराने की मांग की है।

सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. अनवार हुसैन ने इलाज में लापरवाही के आरोप को खारिज करते हुए कहा कि सभी घायलों को समय पर चिकित्सकीय उपचार उपलब्ध कराया गया। घटना की सूचना पर यातायात थाना पुलिस भी सदर अस्पताल पहुंची। यातायात थानाध्यक्ष संदीप कुमार ने बताया कि हादसे में दो लोगों की मौत हुई है तथा परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। मामले में कांड संख्या 69/2026 दर्ज कर पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story