ओवरलोड मक्का लदे ट्रैक्टर और कार में भीषण टक्कर, 8 घायल
किशनगंज, 16 जून (हि.स.)। सुखानी थाना क्षेत्र के सालगुड़ी फ्लाईओवर पर मंगलवार को एक ओवरलोड मक्का लदे ट्रैक्टर और कार के बीच हुई भीषण टक्कर में आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों में तीन पुरुष, दो महिलाएं और तीन बच्चे शामिल हैं। सभी को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना इतनी भयावह थी कि कार (बीआर50एजे0879) पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। टक्कर के बाद कार के परखच्चे उड़ गए और सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही सुखानी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। बाद में क्षतिग्रस्त कार को क्रेन की सहायता से हटाकर थाना लाया गया। हादसे के बाद ट्रैक्टर से जुड़ी गंभीर अनियमितताएं भी सामने आई हैं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि ट्रैक्टर पर वैध नंबर प्लेट नहीं लगी थी। वाहन पर पेंट से अंकित नंबर को भी मिटा दिया गया था, जिससे उसकी पहचान करना कठिन हो गया था। दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। हालांकि पुलिस ने मक्का लदे ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है।
घटनास्थल पर पहुंचे मुखिया प्रतिनिधि रसमुद्दीन फैज ने कहा कि क्षेत्र में ओवरलोड वाहनों का संचालन लगातार बढ़ रहा है, जिसके कारण सड़क दुर्घटनाओं की संख्या में भी वृद्धि हो रही है। उन्होंने कहा कि क्षमता से अधिक भार लेकर ट्रैक्टर और अन्य भारी वाहन राष्ट्रीय राजमार्गों पर तेज गति से चल रहे हैं, जिससे छोटे वाहन दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं।
सुखानी थानाध्यक्ष मन्नू कुमारी ने बताया कि कार में कुल आठ लोग सवार थे, जो हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी का इलाज चल रहा है। पुलिस ने दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया है। उन्होंने कहा कि पीड़ित पक्ष से आवेदन प्राप्त होने के बाद मामले में विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
इधर, स्थानीय ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से हाईवे पर बिना नंबर प्लेट और ओवरलोड वाहनों के खिलाफ सख्त अभियान चलाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

