बेटे का इलाज कराकर घर लौट रहे सड़क दुघर्टना में पिता-पुत्र की मौत

WhatsApp Channel Join Now

नालंदा, 30 अक्टूबर (हि.स.)।

पटना जिले के फतुहा थाना क्षेत्र अंतर्गत धोवा पुल के पास शुक्रवार को हुए सड़क हादसे में नालंदा के पिता-पुत्र की मौत हो गई।

तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान दीपनगर थाना क्षेत्र के राणा बीघा गांव निवासी 55 वर्षीय अरविंद कुमार और उनके 30 वर्षीय इकलौते पुत्र सोनू कुमार के रूप में हुई है।

हादसे की खबर मिलते ही गांव में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।परिजनों के अनुसार, अरविंद कुमार अपने बेटे सोनू कुमार का इलाज कराने बाइक से पटना गए थे। डॉक्टर से दिखाने के बाद दोनों घर लौट रहे थे। इसी दौरान धोवा पुल के पास विपरीत दिशा से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया।घटना की सूचना मिलने पर फतुहा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की। फतुहा थानाध्यक्ष श्रीमंत कुमार सुमन ने बताया कि परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फरार ट्रक और उसके चालक का पता लगाने के लिए आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769323 Articles

Share this story