अचानक सामने आया जानवर, अनियंत्रित हुआ ई-रिक्शा… 22 वर्षीय चालक गंभीर रूप से घायल
सुपौल, 03 मई (हि.स.)। त्रिवेणीगंज–जदिया मुख्य मार्ग (एनएच 327 ई) पर देर शाम एक सड़क हादसे में ई-रिक्शा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह दुर्घटना लक्ष्मीनियां गांव स्थित समधीनियां मोड़ के पास हुई, जहां अचानक सड़क पर एक जानवर आ जाने से ई-रिक्शा अनियंत्रित हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, कुशहा पंचायत के मयूरवा वार्ड नंबर 04 निवासी रामचंद्र पासवान के 22 वर्षीय पुत्र विकास कुमार ई-रिक्शा से मानगंज से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान वाहन के सामने अचानक जानवर आ गया, जिससे संतुलन बिगड़ गया और ई-रिक्शा सड़क पर पलट गया। हादसे में चालक गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
घटना के बाद आसपास के लोगों और राहगीरों ने तुरंत मदद करते हुए घायल को अनुमंडलीय अस्पताल त्रिवेणीगंज पहुंचाया। वहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. बीएन पासवान ने प्राथमिक उपचार किया। डॉक्टरों के अनुसार, घायल की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

