बिहार के दरभंगा में ट्रक ने चार किशोर को कुचला, तीन की मौके पर ही मौत

WhatsApp Channel Join Now
बिहार के दरभंगा में ट्रक ने चार किशोर को कुचला, तीन की मौके पर ही मौत


दरभंगा, 11 नवंबर (हि.स.)। बिहार में दरभंगा जिले के एनएच-27 पर बुधवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में तीन नाबालिग किशोरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका चौथा साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना मब्बी थाना क्षेत्र के बाजार समिति चौक के समीप हुई, जहां एक अज्ञात ट्रक ने एक ही बाइक पर सवार चार दोस्तों को टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत फरार हो गया।

मृतकों की पहचान लहेरियासराय थाना क्षेत्र के बाकरगंज मोमिन टोला निवासी फारीश (15), मो. इस्तखार (15) और अल्ताफ नेयाज (16) के रूप में हुई है। वहीं, घायल मो. तल्फ (16) का दिल्ली मोड़ स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।

धार्मिक जलसे से लौट रहे थे चारों दोस्त

जानकारी के अनुसार, चारों किशोर मंगलवार रात बाकरगंज स्थित एक मस्जिद में आयोजित धार्मिक जलसे में शामिल होने गए थे। बुधवार सुबह करीब 4 बजे चारों एक ही बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान बाकरगंज से लगभग 8 किलोमीटर दूर बाजार समिति चौक के पास तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि तीन किशोरों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। चारों में से किसी ने हेलमेट नहीं पहना था।

परिजनों को नहीं थी बच्चों के निकलने की जानकारी

मृतक के चाचा मो. अकील ने बताया कि चारों बच्चे मदरसे में पढ़ते थे। परिवार के किसी सदस्य को जानकारी नहीं थी कि वे रात में बाइक लेकर कहां गए हैं। बुधवार सुबह करीब 5:30 बजे हादसे की सूचना मिलने पर परिजन डीएमसीएच पहुंचे और मृतकों की पहचान की। उन्होंने पुलिस से ट्रक की पहचान कर उसे बरामद करने तथा चालक को गिरफ्तार करने की मांग की है।

डीएमसीएच में छह थानों की पुलिस तैनात

तीन किशोरों की एक साथ मौत की खबर से डीएमसीएच में परिजनों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए मब्बी, विश्वविद्यालय, बेंता, कोतवाली, लहेरियासराय और सदर थाना की पुलिस तैनात रही। पुलिस अधिकारियों की निगरानी में तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया।

ओवरब्रिज की मांग वर्षों से लंबित

बाजार समिति चौक पर ओवरब्रिज निर्माण की वर्षों पुरानी मांग इस हादसे के बाद फिर चर्चा में आ गई है। शीशोपश्चिमी के भाजपा मीडिया प्रभारी सह पूर्व मुखिया शमसे आलम खां ने कहा कि यदि इस चौक पर ओवरब्रिज बन गया होता तो संभवतः ऐसी हृदयविदारक घटना नहीं होती। उन्होंने कहा कि यहां लगातार दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है, लेकिन ओवरब्रिज निर्माण की मांग को अब तक गंभीरता से नहीं लिया गया।

पुलिस गश्ती और सड़क सुरक्षा पर सवाल

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस गश्ती व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि लहेरियासराय से मब्बी तक कई थाने होने के बावजूद चार किशोर एक ही बाइक पर सवार होकर रात में सड़क पर चलते रहे और किसी ने उन्हें नहीं रोका। हालांकि, पुलिस गश्ती की वास्तविक स्थिति और जिम्मेदारी की जांच जरूरी है।

यह हादसा न केवल तेज रफ्तार और अज्ञात ट्रक चालक की भूमिका, बल्कि नाबालिगों के वाहन संचालन, एक बाइक पर चार सवारियों, हेलमेट की अनदेखी और सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है। तीन परिवारों के चिराग बुझ गए। अब देखना है कि प्रशासन इस घटना से सबक लेकर बाजार समिति चौक पर ओवरब्रिज निर्माण और अन्य सुरक्षा उपायों के लिए ठोस पहल करता है या फिर यह मांग भी फाइलों में दबकर रह जाती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775194 Articles

Share this story