वीर कुंवर सिंह सेतु से गंगा में कूदा 22 वर्षीय युवक, तलाश में जुटी पुलिस

WhatsApp Channel Join Now


बक्सर, 15 अगस्त (हि.स.)। वीर कुंवर सिंह सेतु पर शनिवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक 22 वर्षीय युवक ने गंगा नदी में छलांग लगा दी। युवक की पहचान नरही थाना क्षेत्र के टुटवारी गांव निवासी श्याम नारायण पासवान के पुत्र श्रीकांत पासवान के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि पिता से किसी बात को लेकर नाराज श्रीकांत ने पहले फोन कर गंगा में कूदने की बात कही और कुछ ही देर बाद पुल पर पहुंच गया।

जानकारी के अनुसार, श्रीकांत ने अपने पिता को फोन कर कहा कि वह गंगा नदी में कूदने जा रहा है। बेटे की बात सुनकर श्याम नारायण पासवान घबरा गए और तत्काल बाइक से वीर कुंवर सिंह सेतु की ओर रवाना हो गए। पुल पर पहुंचने के बाद उन्होंने देखा कि श्रीकांत उनसे करीब 100 मीटर की दूरी पर था। इसी दौरान अचानक उनकी बाइक बंद हो गई। बेटे को रोकने की कोशिश में वे बाइक छोड़कर पैदल उसकी ओर बढ़े, लेकिन पिता को अपनी तरफ आता देख श्रीकांत ने गंगा में छलांग लगा दी।

युवक के नदी में कूदते ही पुल पर मौजूद लोगों की भीड़ जुट गई और अफरातफरी मच गई। लोगों ने तत्काल गंगा ब्रिज चेक पोस्ट पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक की तलाश को लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जाता है कि श्रीकांत के पिता भरौली में खाद-बीज की दुकान पर काम करते हैं। बेटे के गंगा में छलांग लगाने की खबर से पूरा परिवार सदमे में है। पुलिस युवक की तलाश के साथ घटना के कारणों की भी जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra

Share this story