बिहार में मुंगेर से मेला देख कर लौट रहे पिता-पुत्र समेत तीन की मौत
पटना, 21 अक्टूबर (हि.स.)। बिहार में मुंगेर से दुर्गा मेला देखकर घर लौट रहे पिता-पुत्र समेत तीन लोगों की बुधवार दोपहर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या (एनएच-333बी) के टोल प्लाजा के समीप सड़क हादसे में मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक, महिंद्रा थार और बाइक के बीच आमने-सामने की टक्कर में बाइक थार के नीचे फंस गई और करीब 10 मीटर तक घिसटती चली गई। हादसे में बाइक सवार तीनों लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद थार का चालक मौके से फरार हो गया।
थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हुई है। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल महिंद्रा थार को जब्त कर लिया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों और फरार चालक से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।
उन्होंने कहा कि मृतकों की पहचान रघुनाथपुर बरारी वार्ड तीन निवासी संतोष यादव उर्फ सत्तन (43), उनके सात वर्षीय बेटे आयुष कुमार और डंडारी निवासी उनकी सरहज सुलेखा देवी (40) के रूप में हुई है। बाइक पर सवार तीनों लोग मेला देखने के बाद वापस अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान हाईवे पर सामने से आ रही थार से बाइक की सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उस पर सवार तीनों लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
तीनों शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की सूचना मृतकों के परिजनों को भी दे दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

