भू-अर्जन कार्यों में तेजी लाएं, लंबित एलपीसी का करें शीघ्र निष्पादन: डीएम
किशनगंज, 25 सितंबर (हि.स.)। जिले में चल रही विभिन्न महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं के लिए भू-अर्जन कार्यों में तेजी लाने को लेकर शुक्रवार को जिलाधिकारी नवीन कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई।
जिला भू-अर्जन विभाग के तत्वावधान में आयोजित बैठक में परियोजनावार भू-अर्जन की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की गई। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को लंबित प्रक्रियाओं का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। समीक्षा के दौरान भारतमाला परियोजना के तहत किशनगंज-बहादुरगंज फोरलेन, गोरखपुर-सिलीगुड़ी एक्सप्रेसवे, अररिया-गलगलिया नई ब्रॉडगेज रेल लाइन तथा बिहार राज्य उच्च पथ (एसएच-99) से संबंधित भू-अर्जन कार्यों की स्थिति की जानकारी ली गई। इसके अलावा बहादुरगंज-टेढ़ागाछ पथ के चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण, कटहलडांगी से धर्मकांटा चौक तक ठाकुरगंज बाईपास तथा एसएच-99 (बैसा) से एनएच-31 (कानकी) के बीच अभयपुर घाट पर उच्चस्तरीय एचएलआरसीसी पुल, पहुंच पथ, गाइड बांध एवं सुरक्षात्मक कार्यों से जुड़े भू-अर्जन की भी समीक्षा हुई।
बैठक में असुराघाट-निशंद्रा घाट के बीच कनकई नदी पर उच्चस्तरीय आरसीसी पुल व पहुंच पथ, महानंदा नदी पर किशनगंज-तैयबपुर-ठाकुरगंज-गलगलिया पथ पर उच्चस्तरीय आरसीसी पुल तथा किशनगंज हवाई अड्डे के रनवे विस्तार सहित अन्य परियोजनाओं के लिए भू-अर्जन की प्रगति पर भी चर्चा की गई। डीएम ने सभी अंचल अधिकारियों को लंबित एलपीसी (भूमि स्वामित्व प्रमाण पत्र) से संबंधित मामलों का शीघ्र निष्पादन कर आवश्यक प्रतिवेदन जिला भू-अर्जन कार्यालय को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। जिला भू-अर्जन पदाधिकारी को एलपीसी भुगतान की प्रक्रिया में तेजी लाने तथा लंबित मामलों का जल्द निपटारा सुनिश्चित करने को कहा। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि भू-अर्जन से संबंधित सभी प्रक्रियाएं निर्धारित समय-सीमा में पूरी की जाएं, ताकि विकास परियोजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की बाधा नहीं आए। उन्होंने संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्यों में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, सभी अंचलाधिकारी तथा अधियाची विभागों के पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े थे।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

