खाद्यान्न वितरण में तेजी लाएं, लंबित राशन कार्ड आवेदनों का करें निष्पादन : डीएम

WhatsApp Channel Join Now
खाद्यान्न वितरण में तेजी लाएं, लंबित राशन कार्ड आवेदनों का करें निष्पादन : डीएम


किशनगंज, 17 सितंबर (हि.स.)। जिलाधिकारी नवीन कुमार की अध्यक्षता में गुरुवार को जिला आपूर्ति टास्क फोर्स की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिले में जन वितरण प्रणाली के माध्यम से खाद्यान्न वितरण, गोदामों में खाद्यान्न की उपलब्धता तथा राशन कार्ड से संबंधित लंबित आवेदनों की समीक्षा की गई।

समीक्षा के दौरान बताया गया कि सितंबर 2026 में जिले में अब तक 64.27 प्रतिशत खाद्यान्न का वितरण किया जा चुका है। इस पर डीएम ने सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को खाद्यान्न वितरण की गति तेज करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि वितरण व्यवस्था में तेजी लाते हुए जिले को खाद्यान्न वितरण में बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करना है। बैठक में जानकारी दी गई कि सितंबर माह के लिए राज्य खाद्य निगम के गोदाम से जन वितरण प्रणाली के गोदाम तक खाद्यान्न की आपूर्ति 95.02 प्रतिशत हो चुकी है।

डीएम ने जिला प्रबंधक, राज्य खाद्य निगम, किशनगंज को शत-प्रतिशत खाद्यान्न की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि जन वितरण प्रणाली के लाभुकों को समय पर राशन मिल सके। जिलाधिकारी नवीन कुमार ने सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को राशन से संबंधित ऑनलाइन प्राप्त आवेदनों का शीघ्र निष्पादन करने को कहा। इसके लिए पात्र लाभुकों का ई-केवाईसी कराने तथा लंबित आवेदनों को जल्द निपटाने का निर्देश दिया गया।

साथ ही जन वितरण प्रणाली विक्रेताओं के साथ समन्वय स्थापित कर राशन कार्ड के लिए आवेदन करने वाले लाभुकों को आवश्यक प्रक्रिया की जानकारी देने और जागरूक करने को कहा गया। बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी किशनगंज, जिला प्रबंधक राज्य खाद्य निगम, सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी एवं सहायक गोदाम प्रबंधक मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story