सदर अस्पताल में चोरी से एसी सिस्टम ठप
सीवान, 03 अप्रैल (हि.स.)। सीवान के मॉडल सदर अस्पताल से चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए चौथी मंजिल पर लगे एयर कंडीशनिंग सिस्टम के पांचों आउटडोर यूनिट्स का कॉपर पाइप काट लिया। इस घटना के बाद अस्पताल के लगभग 75 प्रतिशत हिस्से में एसी पूरी तरह ठप हो गया है, जिससे मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों को भीषण गर्मी में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चोरी हुए कॉपर पाइप की कीमत करीब ढाई से तीन लाख रुपये आंकी जा रही है। घटना का खुलासा गुरुवार को उस समय हुआ जब ठेकेदार के कर्मचारी भवन की मरम्मत के लिए छत पर पहुंचे। वहां उन्होंने देखा कि एसी यूनिट्स से तांबे के पाइप गायब हैं। इसके बाद उन्होंने तत्काल अस्पताल प्रशासन को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार सिंह, नोडल ऑफिसर डॉ. अनूप कुमार दुबे तथा अस्पताल प्रबंधक कमलजीत कुमार मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। जांच में पुष्टि हुई कि अज्ञात चोरों द्वारा योजनाबद्ध तरीके से कॉपर पाइप काटकर चोरी की गई है।
बताया जाता है कि आपात कक्ष एवं ब्लड बैंक को छोड़कर अस्पताल के मॉडल भवन के अन्य हिस्सों में एसी सेवा पूरी तरह बाधित है। इससे वार्डों में भर्ती मरीजों की स्थिति और भी दयनीय हो गई है।
गौरतलब है कि गर्मी को देखते हुए महज एक सप्ताह पहले ही वोल्टास कंपनी द्वारा अस्पताल के सभी एसी का मेंटेनेंस कराया गया था। इसके बावजूद इस तरह की घटना ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
हैरानी की बात यह है कि घटना के लगभग 24 घंटे बीत जाने के बावजूद अस्पताल प्रशासन द्वारा अब तक इस मामले में कोई एफआईआर दर्ज नहीं कराई गई है, जिससे लापरवाही की आशंका और गहरा गई है।
इस घटना के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक कार्यशैली को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। सिविल सर्जन डॉ श्रीनिवास प्रसाद ने बताया कि शुक्रवार के अपराह्न में चोरी की घटना की जानकारी हुई है। ---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

