बिहार में 211 नए डिग्री महाविद्यालय प्रखंड स्तर पर स्थापना का अभाविप ने किया स्वागत
पटना, 29 जून (हि.स.)।
बिहार सरकार और शिक्षा विभाग ने बिहार के विभिन्न जिलों में कुल 211 नए डिग्री महाविद्यालय को खोलने का निर्णय प्रखंड स्तर पर लिया है, जिसका अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने स्वागत किया है।
अभाविप ने सोमवार को प्रेस विज्ञाप्ति जारी कर बताया कि बिहार में लगातार बढ़ रहे छात्र-छात्राओं की संख्या उनके महाविद्यालयीन शिक्षा को ध्यान में रखते हुए इसी वर्ष के शैक्षणिक सत्र से कुल 211 नए डिग्री महाविद्यालय में पढ़ाई शुरू करने निर्णय लिया है। इस निर्णय का विद्यार्थी परिषद स्वागत करती है। परंतु जिस तरह से इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया के माध्यम इन नए महाविद्यालयों के संचालन की व्यवस्था एवं इसमें पठन-पाठन संबंधित संभावित अव्यवस्था की जो लगातार खबरें प्रकाशित हो रही हैं उससे शिक्षा जगत में एक भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो गई है।
अभाविप ने बताया कि ऐसी स्थिति में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने यह समेकित निर्णय लिया है कि विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता एवं शिक्षक इन सभी नवसृजित डिग्री महाविद्यालय की अद्यतन जमीनी स्थिति की जानकारी हासिल करेगा। अभाविप की टोली सभी नवसृजित महाविद्यालय के संचालन के लिए चिन्हित जगहों में उपलब्ध मूलभूत शैक्षणिक संरचनाओं, शिक्षक, कर्मचारियों की उपलब्धता सहित नामांकित होने वाले छात्र-छात्राओं के विभिन्न शैक्षणिक एवं सुरक्षा संबंधी सुविधाओं की उपलब्धता, उनके आवागमन, अध्ययन अध्यापन संबंधी विभिन्न आयामों पर समग्र जानकारी इकट्ठा करते हुए इन महाविद्यालयों का मूल्यांकन एवं आकलन कर इन सभी बिंदुओं पर परिषद् की टोली विस्तृत सर्वे रिपोर्ट अविलंब तैयार करेगी।
इस रिपोर्ट के सघन अध्ययन एवं समीक्षा के पश्चात जो भी आवश्य विषय दृष्टिगत होगी उसके निराकरण एवं निवारण के लिए अविलंब बिहार सरकार तथा शिक्षा विभाग उच्च पदाधिकारियों को अवगत कराते हुए परिषद उन मुद्दों का अविलंब निदान कराने का प्रयास करेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

