राष्ट्रवादी नारों से गुंजायमान हुआ शहर, अभाविप अधिवेशन के तीसरे दिन निकली शोभायात्रा में 19 जिलों के कार्यकर्ता हुए शामिल
गोपालगंज, 04 जनवरी (हि.स.)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के उत्तर बिहार प्रांत के 67वें प्रांतीय अधिवेशन के तीसरे दिन शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इस शोभायात्रा में बिहार के 19 जिलों से आए छात्र-छात्राओं एवं अभाविप के कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की। शोभायात्रा के दौरान पूरा शहर “वंदे मातरम” और “भारत माता की जय” जैसे राष्ट्रवादी नारों से गूंज उठा।
शोभायात्रा में प्रमुख रूप से अभाविप के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. वीरेंद्र सिंह सोलंकी तथा बिहार-झारखंड क्षेत्रीय संगठन मंत्री याज्ञवल्क्य शुक्ला शामिल हुए। शोभायात्रा की शुरुआत मिंज स्टेडियम से हुई, जिसके बाद हाथी-घोड़े, बैंड-बाजा और डीजे के साथ यह यात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से होकर निकली।
शोभायात्रा पोस्ट ऑफिस चौक, जंगलिया मोड़, अंबेडकर चौक, घोष मोड़, पुरानी चौक, ब्रह्म चौक होते हुए मोनिया चौक पहुंची। इसके बाद पुनौरा थाना चौक, एसएस बालिका स्कूल, कैलाश होटल होते हुए पूनम मोनिया चौक पर इसका समापन हुआ। शोभायात्रा के समापन के पश्चात खुला अधिवेशन आयोजित किया गया।
जगह-जगह बरसाए गए फूल, हुआ भव्य स्वागत शोभायात्रा में शामिल छात्र-छात्राओं का शहर के विभिन्न स्थानों पर भव्य स्वागत किया गया। अंबेडकर चौक, पुरानी चौक एवं भगत सिंह चौक पर कार्यकर्ताओं पर फूल बरसाकर स्वागत किया गया।
भगत सिंह चौक पर ताइक्वांडो अकादमी से जुड़े छात्र-छात्राओं ने शोभायात्रा में शामिल कार्यकर्ताओं पर पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया। वहीं, अभाविप के पूर्व सदस्य विजय तिवारी के नेतृत्व में प्रबुद्ध नागरिकों ने भी फूल बरसाकर शोभायात्रा में शामिल कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया।
“राष्ट्रवाद का मान बढ़ाने… जिला से आए हैं”, 19 जिले के छात्रों ने भरी हुंकार
अभाविप की शोभायात्रा में उत्तर बिहार के 19 जिलों से आए कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। सभी कार्यकर्ता अपने-अपने जिले का नाम लेते हुए नारे लगा रहे थे—“राष्ट्रवाद का मान बढ़ाने, इस जिले से आए हैं।”
इस शोभायात्रा में गोपालगंज के अलावा छपरा, सिवान, वैशाली, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, सुपौल, मधेपुरा, मधुबनी, सीतामढ़ी सहित अन्य जिलों के छात्र-छात्राएं शामिल हुए। सभी कार्यकर्ता अपने-अपने जिले के पारंपरिक परिधान में नजर आए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त

