अभाविप के स्थापना दिवस पर साप्ताहिक कार्यक्रम के अंतिम दिन रंगोली कार्यक्रम
अररिया 15 जुलाई(हि.स.)। अभाविप के स्थापना दिवस एवं राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित साप्ताहिक कार्यक्रमों के अंतिम दिन बुधवार को फारबिसगंज नगर इकाई की ओर से प्लस टू भगवती देवी गोयल विद्यालय परिसर में रंगोली कार्यक्रम का आयोजन किया गया।कार्यक्रम नगर मंत्री आयुष भगत के नेतृत्व में किया गया।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने आकर्षक रंगोलियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति, राष्ट्रभक्ति, शिक्षा एवं सामाजिक समरसता का संदेश दिया।
मौके पर जिला संयोजक शिवम साह ने कहा कि रंगोली केवल कला का माध्यम नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, संस्कार और सामाजिक एकता का प्रतीक है। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में रचनात्मक सोच, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना विकसित करते हैं।
उत्तर बिहार प्रांत एसएफडी सह संयोजक आकाश कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद पिछले 78 वर्षों से छात्रहित, समाजहित एवं राष्ट्रहित के लिए निरंतर कार्य कर रही है। परिषद का उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्र निर्माण की भावना का विकास करना है।
प्रदेश कार्यकारणी सदस्य शैलेश कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि युवाओं को स्वामी विवेकानंद के आदर्शों पर चलकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लेने का दिन है।
कार्यक्रम में विद्यालय परिवार, अभाविप नगर कार्यालय मंत्री अभिनव सुदर्शन, नगर कार्यकारणी आदित्य कुमार, प्रधानाचार्य डॉ.प्रशान्त कुमार , दिलीप कुमार, मिथिलेश कुमार विश्वास, ममता कुमारी,पूनम मंडल, कंचन कुमारी, धीरेन्द्र ठाकुर एवं बड़ी संख्या में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

