अभाविप ने मनाया 78वां स्थापना दिवस, राष्ट्र निर्माण में विद्यार्थियों की भूमिका पर हुई संगोष्ठी

WhatsApp Channel Join Now
अभाविप ने मनाया 78वां स्थापना दिवस, राष्ट्र निर्माण में विद्यार्थियों की भूमिका पर हुई संगोष्ठी


दरभंगा, 09 जुलाई (हि.स.)।

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) की दरभंगा इकाई ने बुधवार को 78वां स्थापना दिवस एवं राष्ट्रीय छात्र दिवस उत्साहपूर्वक मनाया। इस अवसर पर मिश्रटोला स्थित परिषद कार्यालय में ध्वजारोहण, परिषद गीत तथा राष्ट्र एवं छात्रहित के प्रति समर्पण का संकल्प लिया गया। इसके बाद एम.आर.एम. कॉलेज परिसर में राष्ट्र निर्माण में विद्यार्थियों की भूमिका एवं अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की प्रासंगिकता विषय पर संगोष्ठी आयोजित की गई।

संगोष्ठी को संबोधित करते हुए प्रांत विश्वविद्यालय कार्य सह संयोजक हरिओम झा ने कहा कि अभाविप पिछले 78 वर्षों से छात्रशक्ति को राष्ट्रशक्ति के रूप में संगठित कर शिक्षा, सेवा और संस्कार के माध्यम से राष्ट्र निर्माण का कार्य कर रही है। उन्होंने युवाओं से सामाजिक और राष्ट्रीय दायित्वों के निर्वहन में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

नगर अध्यक्ष प्रो. जयशंकर ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल रोजगार प्राप्त करना नहीं, बल्कि जिम्मेदार, संवेदनशील एवं चरित्रवान नागरिकों का निर्माण भी है। पूर्व नगर अध्यक्ष एवं स्पोकेन हिल के निदेशक अश्वनी कुमार झा ने विद्यार्थियों से विषय ज्ञान के साथ व्यक्तित्व विकास, संवाद कौशल और नेतृत्व क्षमता विकसित करने पर बल दिया।

विभाग संयोजक मनोज मिश्रा ने सेवा, समर्पण एवं संगठन की भावना को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संदेश दिया। वहीं प्रांत एसएफडी कार्य सह संयोजक मनोहर मिश्र ने राष्ट्रीय छात्र दिवस को विद्यार्थियों के कर्तव्यों और राष्ट्र के प्रति उनकी जिम्मेदारियों का स्मरण कराने वाला महत्वपूर्ण अवसर बताया।

कार्यक्रम के समापन पर मेहंदी एवं क्विज प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार और प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। मेहंदी प्रतियोगिता में भाव्या भारती प्रथम, सौम्या लाल द्वितीय तथा शोभा कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं। क्विज प्रतियोगिता में ऋचा साह ने प्रथम, पल्लवी ने द्वितीय और मौसम कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

Share this story