शराब घोटाला मामले में राहत मिलने से आप कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह

WhatsApp Channel Join Now
शराब घोटाला मामले में राहत मिलने से आप कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह


भागलपुर, 02 मार्च (हि.स.)। आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष इंजीनियर सत्येंद्र कुमार ने सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में सोमवार को कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को शराब घोटाला मामले में राहत मिलने से कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह की लहर है।

उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से केजरीवाल को आरोपों के आधार पर जेल भेजा गया था, वह राजनीतिक साजिश का हिस्सा था, लेकिन अब सच्चाई सामने आ रही है। प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि केजरीवाल को गलत तरीके से बदनाम कर जेल में डाला गया था। लेकिन न्यायालय से राहत मिलने के बाद आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं में जबरदस्त खुशी है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सहित पूरे देश में पार्टी समर्थकों के बीच जश्न का माहौल है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष ने अपनी ताकत का दुरुपयोग किया और विपक्ष की आवाज को दबाने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में इस प्रकार की कार्रवाई स्वीकार्य नहीं है और जनता सब देख रही है।

उन्होंने यह भी कहा कि आगामी चुनाव में जनता भारतीय जनता पार्टी को जवाब देगी। इस दौरान उन्होंने सीधे तौर पर भारतीय जनता पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि आने वाले चुनाव में भाजपा महज 10 सीटों पर सिमट जाएगी। उनका कहना था कि अब जनता बदलाव चाहती है और भाजपा का खात्मा तय है। साथ ही उन्होंने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर भी निशाना साधा।

उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता में इस पूरे घटनाक्रम को लेकर आक्रोश है और लोग इसे राजनीतिक प्रतिशोध की कार्रवाई मान रहे हैं। प्रेस वार्ता के अंत में उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और आगामी चुनाव में जनता के समर्थन से एक बार फिर मजबूती से उभरेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संयम बनाए रखने और जनता के बीच जाकर सच्चाई बताने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story