आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम में आंगनबाड़ी सेविका-सहायिकाएं सम्मानित

WhatsApp Channel Join Now
आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम में आंगनबाड़ी सेविका-सहायिकाएं सम्मानित


आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम में आंगनबाड़ी सेविका-सहायिकाएं सम्मानित


सुपौल, 26 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा की ओर से चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत राघोपुर प्रखंड के सिमराही में ‘आंगन का उत्सव/आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान के तहत 25 सितंबर से 7 अक्टूबर के बीच आंगनबाड़ी केंद्रों पर ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के सम्मान के साथ बच्चों और माताओं से जुड़ी गतिविधियों पर जोर दिया गया है।

सिमराही स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 88 और 90 पर आयोजित कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सचिन माधोगड़िया ने आंगनबाड़ी सेविकाओं और सहायिकाओं को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बच्चों के शुरुआती विकास, पोषण और शिक्षा की नींव मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ जैसे अभियानों में भी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

कार्यक्रम के दौरान करीब 100 बच्चों के बीच कॉपी, पेंसिल, चॉकलेट और बिस्कुट का वितरण किया गया। बच्चों को पढ़ाई के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से उन्हें शैक्षणिक सामग्री दी गई। कार्यक्रम में बच्चों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के साथ स्थानीय स्तर पर सेवा एवं सामाजिक सहभागिता से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई।

इस मौके पर भाजपा जिला मंत्री स्मृति कुमारी समेत अन्य पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। भाजपा के अनुसार, सेवा संकल्प अभियान का आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर किया जा रहा है और इसके तहत देशभर में विभिन्न सेवा गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story