दबंगई के विरोध में युवक को मारी गोली, मायागंज में भर्ती

WhatsApp Channel Join Now
दबंगई के विरोध में युवक को मारी गोली, मायागंज में भर्ती


भागलपुर, 23 नवंबर (हि.स.)। बांका जिले के रजौन थाना क्षेत्र अंतर्गत भगवानपुर गांव में सोमवार को दबंगई और वर्चस्व कायम करने का विरोध करने पर एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल करने का मामला सामने आया है। घायल युवक भगवानपुर निवासी पंचानंद पासवान के पुत्र निवास पासवान का इलाज फिलहाल भागलपुर स्थित जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल (मायागंज) में चल रहा है।

चिकित्सकों के अनुसार, गोली युवक के बाएं पैर की जांघ में लगी है, जो अब भी अंदर ही फंसी हुई है। मायागंज अस्पताल में इलाजरत घायल निवास पासवान ने पुलिस और मीडिया को दिए बयान में घटना की आपबीती सुनाई। उन्होंने बताया कि वे अपने घर के समीप ब्रश कर रहे थे। इसी दौरान गांव के पांच लोग वहां आ धमके। आरोप है कि इनमें से तीन लोगों ने हमला करने के लिए उकसाया, जिसके बाद भवानी शंकर पासवान ने हथियार निकालकर उन पर गोली चला दी। गोली सीधे उनकी बाईं जांघ में जा लगी, जिससे वे लहूलुहान होकर गिर पड़े। घटना के बाद परिजन में हड़कंप मच गया। परिजन आनन-फानन में उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए पहले रजौन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां से डॉक्टरों ने नाजुक स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल बांका रेफर किया, जहां से बेहतर इलाज के लिए उन्हें भागलपुर के मायागंज अस्पताल भेज दिया गया।

घायल निवास पासवान ने स्पष्ट किया है कि इस जानलेवा हमले के पीछे कोई जमीन विवाद नहीं है, बल्कि गांव में वर्चस्व कायम करने और मनमानी चलाने का विरोध करना इसका मुख्य कारण है। उन्होंने इस पूरी वारदात में एक चौकीदार, एक पंचायत समिति सदस्य सहित अन्य सरकारी पदों पर कार्यरत लोगों के शामिल होने का गंभीर आरोप लगाया है। फिलहाल घायल के बयान के आधार पर मामले में आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जा रही है। वहीं, रजौन पुलिस ने भी घटना की पुष्टि करते हुए मामले की छानबीन शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781998 Articles

Share this story