भाजपा का एक पेड़ मां के नाम अभियान
भागलपुर, 05 जून (हि.स.)। जिले के बिहपुर प्रखंड के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में भाजपा ने विश्व पर्यावरण दिवस पर शुक्रवार को एक पेड़ मां के नाम अभियान चलाया।
जिला उपाध्यक्ष प्रो.गौतम ने बताया कि इस अभियान के तहत भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने व्यापक पैमाने पर वृक्षरोपण किया। इधर भाजपा नेता उत्तम कुमार के नेतृत्व में कार्यर्ताओं ने आमलोगों के साथ बभनगामा, गौरीपुर, अमरपुर, सोनवर्षा और बिक्रमपुर समेत अन्य कई गांवों में सघन वृक्षारोपण किया।
इस मौके पर उत्तम कुमार ने कहा कि हरित पर्यावरण, सुरक्षित भविष्य। उन्होंने कहा कि प्रकृति केवल हमारा परिवेश नहीं, बल्कि हमारे जीवन का आधार है। स्वच्छ वायु, निर्मल जल और हरियाली से समृद्ध धरती आने वाली पीढ़ियों के लिए हमारी सबसे बड़ी धरोहर है।
प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का हमसब संकल्प लें। एक स्वच्छ, हरित और स्वस्थ भविष्य के निर्माण में अपना योगदान दें। इस वृक्षारोपण कार्यक्रम में सिंटू मोदी, विपुल चौधरी, मुकेश कुमार, कल्याण झा और नीतेश चौधरी आदि कई भाजपा नेता और कार्यर्ताओं का सक्रिय योगदान रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

