एक पेड़ माँ के नाम अंतर्गत वृक्षारोपण करने का दिया संदेश

WhatsApp Channel Join Now
एक पेड़ माँ के नाम अंतर्गत वृक्षारोपण करने का दिया संदेश


भागलपुर, 24 जुलाई (हि.स.)। पर्यावरण संरक्षण एवं हरित विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से क्षेत्रीय मुख्य वन संरक्षक भागलपुर रीजन डॉ एस॰ कुमारसामी द्वारा शुक्रवार को भागलपुर स्थित सुंदरवन में वृक्षारोपण किया गया।

इस दौरान डॉ एस॰ कुमारासामी द्वारा भागलपुर रीजन अंतर्गत भागलपुर, बाँका, जमुई, सेखपुरा, पूर्णियाँ, कटिहार, अररिया, किसनगंज, सहरसा, मधेपुरा एवं सुपौल जिलवासियों से एक पेड़ माँ के नाम अंतर्गत वृहद पैमाने पर वृक्षारोपण करने का संदेश दिया।

इस मौके पर उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण का मुख्य उद्देश्य जलवायु परिवर्तन से निपटना, वायु गुणवत्ता में सुधार करना और पारिस्थितिकी तंत्र को संतुलित रखना है। यह वर्तमान परिस्थिति में जब जलवायु परिवर्तन के दुसप्रभाव यथा अत्यधिक गर्मी, अनियमित बारिश के रूप में महसूस किया जा रहा है, पौधरोपण एवं उसकी देख-रेख अत्यंत महत्वपूर्ण हो जाता है।

उन्होंने रीजन अंतर्गत सभी वन प्रमंडलों को वृहद पैमाने पर वृक्षारोपण एवं पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कृषि वानिकी परियोजनाओं में जन भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए कृषकों एवं आमजनों को जागरूक करने का निर्देश दिया।

वहीं वन प्रमंडल पदाधिकारी आशुतोष राज के द्वारा बताया गया कि वृक्षारोपण पर्यावरण संरक्षण के साथ साथ मृदा और जल संरक्षण के लिए भी महत्वपूर्ण है। भागलपुर में गंगा एवं कोशी के कारण कटाव को रोकने में भी वृक्षों की महत्वपूर्ण भूमिका है। पेड़ों की जड़ें मिट्टी को बांधकर रखती हैं, जिससे भू-क्षरण रुकता है और भूमिगत जल स्तर में सुधार होता है।

वनों के क्षेत्र पदाधिकारी कुमार गौतम ने बताया कि योजनाओं का लाभ लेने तथा पौधरोपन हेतु पौधा के लिए मायागंज स्थित विभागीय पौधाशाला से संपर्क किया जा सकता है।

कार्यक्रम में प्रशिक्षु वनों के क्षेत्र पदाधिकारी आशीष कुमार, वनपाल दिनेश कुमार सिंह, कुमार ज्ञानदीप, वनरक्षी आदित्य कुमार सिंह, अमरेश कुमार, नीरज कुमार, शुभम कुमार, एवं अन्य वनकर्मी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story