छठ से पहले ओदरा घाट पर उमड़ा आस्था का सैलाब, 10 हजार श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी

WhatsApp Channel Join Now
छठ से पहले ओदरा घाट पर उमड़ा आस्था का सैलाब, 10 हजार श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी


किशनगंज, 12 नवंबर (हि.स.)। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर किशनगंज में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का माहौल चरम पर पहुंचने लगा है। महापर्व की शुरुआत से पहले ही शहर के विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने लगी है।

गुरुवार को शहर से करीब 15 किलोमीटर दूर बेलवा स्थित ओदरा घाट पर आस्था का ऐसा जनसैलाब उमड़ा कि पूरा घाट श्रद्धालुओं से पट गया। अनुमान के मुताबिक, करीब 10 हजार श्रद्धालुओं ने नदी में आस्था की डुबकी लगाकर पूजा-अर्चना की। गुरुवार की सुबह से ही ओदरा घाट पर श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, वैसे-वैसे भीड़ बढ़ती चली गई। किशनगंज शहर के अलावा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों और दूर-दराज के इलाकों से महिला, पुरुष और बच्चे बड़ी संख्या में घाट पहुंचे। लोगों ने नदी में स्नान कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण घाट पर मेले जैसा दृश्य देखने को मिला। पूरे इलाके में छठ के पारंपरिक गीतों और धार्मिक उत्साह से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

उल्लेखनीय है कि छठ महापर्व चार दिनों तक मनाया जाता है। इसकी शुरुआत नहाय-खाय से होती है। दूसरे दिन खरना, तीसरे दिन अस्ताचलगामी सूर्य को संध्या अर्घ्य और चौथे दिन उदीयमान सूर्य को उषा अर्घ्य अर्पित किया जाता है।

इस दौरान व्रती कठिन नियमों का पालन करते हुए भगवान सूर्य और छठी मैया की आराधना करते हैं। नहाय-खाय से पहले ही ओदरा घाट पर उमड़ी हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ ने इस बार छठ महापर्व के प्रति लोगों की गहरी आस्था और उत्साह को दर्शा दिया है। पर्व के मुख्य अनुष्ठानों के दौरान घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ और बढ़ने की संभावना है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775826 Articles

Share this story