इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने पर मिलेगा एक लाख रुपये तक का अनुदान

WhatsApp Channel Join Now

सहरसा, 16 जुलाई (हि.स.)। बिहार सरकार द्वारा संचालित मुख्यमंत्री परिवहन, पर्यावरण अनुकूल परिवहन रोजगार योजना के अंतर्गत इलेक्ट्रिक वाहनों की खरीद को प्रोत्साहित करने हेतु अनुदान उपलब्ध कराया जा रहा है। इच्छुक लाभार्थी परिवहन विभाग के आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर योजना का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। यह जानकारी जिला परिवहन पदाधिकारी सुजीत कुमार बरनवाल ने दी।

उन्होंने बताया कि योजना के तहत निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया के अनुसार पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर पात्र लाभार्थियों को प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। आवेदन प्राप्त होने के उपरांत निर्धारित समय-सीमा में उसका निष्पादन कर अनुदान की राशि का भुगतान किया जाएगा।

जिला परिवहन पदाधिकारी ने बताया कि योजना के अंतर्गत इलेक्ट्रिक मालवाहक तिपहिया वाहन खरीदने वाले सामान्य वर्ग के लाभार्थियों को ₹50,000 तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के लाभार्थियों को ₹60,000 तक का अनुदान दिया जाएगा।

इसी प्रकार इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन खरीदने पर सामान्य वर्ग की महिलाओं को ₹12,000, पुरुषों को ₹10,000 तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के लाभार्थियों को ₹12,000 प्रति वाहन का अनुदान मिलेगा।

इसके अतिरिक्त इलेक्ट्रिक चारपहिया वाहन खरीदने वाली महिलाओं के लिए विशेष प्रावधान किया गया है, जिसके अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को प्रति वाहन अधिकतम ₹1,00,000 तक की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी।

सुजीत कुमार बरनवाल ने कहा कि सहरसा जिले में इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को बढ़ावा देने तथा पर्यावरण संरक्षण की दिशा में आवश्यक आधारभूत संरचना विकसित की जा रही है। इसके तहत सुपरमार्केट, बस स्टैंड, जिला समाहरणालय, मेडिकल कॉलेज परिसर, विभिन्न सरकारी कार्यालय परिसरों तथा पेट्रोल पंपों पर चरणबद्ध तरीके से इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग प्वाइंट स्थापित किए जाएंगे। इससे इलेक्ट्रिक वाहन उपयोगकर्ताओं को सहज एवं सुविधाजनक चार्जिंग सुविधा उपलब्ध होगी तथा जिले में स्वच्छ एवं हरित परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने जिले के इच्छुक नागरिकों, युवाओं एवं उद्यमियों से अपील की कि वे निर्धारित अवधि के भीतर ऑनलाइन आवेदन कर बिहार सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएँ तथा पर्यावरण संरक्षण के साथ आत्मनिर्भर एवं हरित परिवहन व्यवस्था के निर्माण में सहभागी बनें।

हिन्दुस्थान समाचार / अजय कुमार

Share this story