छूटे एवं युवा मतदाताओं के पंजीकरण को चलेगा विशेष अभियान

WhatsApp Channel Join Now

किशनगंज, 08 अक्टूबर (हि.स.)। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिले में अर्हता प्राप्त छूटे हुए एवं युवा मतदाताओं के पंजीकरण के लिए विशेष अभियान शुरू किया गया है। अभियान के तहत ऐसे पात्र लोगों की पहचान कर उन्हें निर्वाचक सूची में शामिल किया जाएगा। इसके लिए मतदान केंद्र स्तरीय पदाधिकारियों (बीएलओ) को घर-घर सत्यापन (एच2एच) करने का निर्देश दिया गया है। सत्यापन के दौरान अर्हता पूरी करने वाले व्यक्तियों से नियमानुसार प्रपत्र-6 भरवाकर मतदाता सूची में पंजीकरण की कार्रवाई की जाएगी। यह अभियान एक माह के भीतर पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

बीएलओ को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है कि कोई भी पात्र व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे।

अभियान के दौरान चिन्हित पात्र मतदाताओं की सूची मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) के साथ भी साझा की जाएगी। अभियान पूरा होने के बाद निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी द्वारा मतदान केंद्रवार तैयार सूची राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराई जाएगी। जरूरत के अनुसार मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप भी लगाए जाएंगे। रात्रि आश्रय स्थलों, मजदूर कॉलोनियों, गृहविहीन लोगों तथा कमजोर वर्ग के व्यक्तियों को ध्यान में रखते हुए विशेष कैंप आयोजित करने की व्यवस्था की जाएगी, ताकि पात्र लोगों का पंजीकरण सुनिश्चित हो सके।

अभियान की नियमित निगरानी राज्य, जिला और निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी स्तर से की जाएगी। निर्वाचन विभाग ने अभियान का उद्देश्य स्पष्ट करते हुए “कोई मतदाता न छूटे” के संदेश के साथ पात्र नागरिकों से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story