भागलपुर-जमालपुर रेलखंड पर ट्रेन से कटकर अज्ञात व्यक्ति की मौत, ढाई घंटे तक बाधित रहा रेल परिचालन

WhatsApp Channel Join Now
भागलपुर-जमालपुर रेलखंड पर ट्रेन से कटकर अज्ञात व्यक्ति की मौत, ढाई घंटे तक बाधित रहा रेल परिचालन


भागलपुर-जमालपुर रेलखंड पर ट्रेन से कटकर अज्ञात व्यक्ति की मौत, ढाई घंटे तक बाधित रहा रेल परिचालन


भागलपुर, 12 अक्टूबर (हि.स.)।भागलपुर-जमालपुर रेलखंड अंतर्गत नाथनगर और मुरारपुर रेलवे स्टेशनों के बीच सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहाँ इलेक्ट्रिक पोल संख्या 310/25 और 310/24 के समीप अप रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। आशंका जताई जा रही है कि किसी ट्रेन की चपेट में आने से व्यक्ति की मौत हुई है। हादसे के बाद अप लाइन पर ट्रेनों का आवागमन पूरी तरह ठप हो गया।

प्रशासनिक शिथिलता के कारण घटना के करीब दो से ढाई घंटे बीत जाने के बावजूद रेलवे ट्रैक से शव को नहीं हटाया जा सका। इसके परिणामस्वरूप अप लाइन पर चलने वाली कई प्रमुख ट्रेनें विभिन्न स्टेशनों पर जहाँ-तहाँ खड़ी रहीं। घंटों ट्रेनें रुकी रहने के कारण यात्रियों को पीने के पानी, भोजन और भीषण गर्मी में भारी फजीहत का सामना करना पड़ा। घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस और रेल पुलिस मौके पर पहुँची।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और ट्रैक को खाली कराकर रेल परिचालन को सामान्य बनाने का प्रयास शुरू किया। समाचार लिखे जाने तक मृत व्यक्ति की शिनाख्त नहीं हो पाई थी। पुलिस आस-पास के ग्रामीणों की मदद से मृतक की पहचान करने में जुटी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

759280 Articles

Share this story