किसान मेले में उमड़ी किसानों की भीड़, मखाना समेत स्थानीय उत्पादों की खूब हुई बिक्री
किशनगंज, 21 नवंबर (हि.स.)। शहर के शहीद अशफाकउल्लाह खां स्टेडियम, खगड़ा में शनिवार को दो दिवसीय किसान मेला सह कृषि प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया। जिलाधिकारी नवीन कुमार ने फीता काटकर मेले का उद्घाटन किया। मेले में जिले के करीब 1500 किसानों ने भाग लिया। इस दौरान स्थानीय मखाना, प्राकृतिक खेती से उत्पादित सब्जियों और मसाला उत्पादों की प्रदर्शनी के साथ बिक्री भी की गई। मेले का मुख्य उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक, प्राकृतिक खेती, कृषि यंत्रीकरण, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य पालन और सरकारी योजनाओं की जानकारी देना था। मेले में चपाती गांव का प्राकृतिक खेती एवं मल्टीलेयर फार्मिंग मॉडल विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। इस मॉडल से जुड़कर बड़ी संख्या में किसान लाभान्वित हो रहे हैं।
प्राकृतिक खेती समूहों द्वारा तैयार ताजी सब्जियों और मसाला उत्पादों की भी अच्छी बिक्री हुई। स्थानीय मखाना उत्पादकों को बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में भी मेले ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। यहां करीब चार क्विंटल मखाना की बिक्री हुई। इससे स्थानीय उत्पादकों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और विपणन का अवसर मिला। मेले में कृषि विज्ञान केंद्र, डॉ. कलाम कृषि महाविद्यालय के मत्स्य विभाग, जीविका, आत्मा, जिला उद्यान कार्यालय, जिला गव्य विकास कार्यालय, नाबार्ड सहित विभिन्न विभागों और संस्थानों ने स्टॉल लगाए। किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड, फार्मर रजिस्ट्री, कृषि यंत्र, स्प्रिंकलर सिंचाई और सौर ऊर्जा से संबंधित जानकारी दी गई। वहीं कृषि अभियंत्रण विभाग ने पराली प्रबंधन, पौधा संरक्षण विभाग ने फेरोमोन ट्रैप और कीट नियंत्रण तथा मिट्टी जांच प्रयोगशाला ने मृदा स्वास्थ्य एवं संतुलित उर्वरक उपयोग की जानकारी दी।
किसानों को जंगली जानवरों और हाथियों से फसलों की सुरक्षा के लिए फेंसिंग के उपाय भी बताए गए। कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता (राजस्व), अनुमंडल पदाधिकारी सहित जिला प्रशासन एवं कृषि विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कहा कि प्राकृतिक खेती, कृषि विविधीकरण और स्थानीय उत्पादों के विपणन को बढ़ावा देकर किसानों की आय में वृद्धि करना इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य है।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

