पिता स्वर्गीय कविराज रामलखन सिंह की पुण्यतिथि पर पहुंचे कल्याण बिगहा नीतीश,दी भावभीनी श्रद्धांजलि

WhatsApp Channel Join Now
पिता स्वर्गीय कविराज रामलखन सिंह की पुण्यतिथि पर पहुंचे कल्याण बिगहा नीतीश,दी भावभीनी श्रद्धांजलि


पटना, 29 नवंबर (हि.स.)। जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपने पिता एवं प्रसिद्ध स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय कविराज रामलखन सिंह की पुण्यतिथि पर अपने पैतृक गांव नालंदा स्थित कल्याण बिगहा पहुंचे। जहां उन्होंने स्मृति वाटिका में स्थापित पिता स्वर्गीय कविराज रामलखन सिंह , माता स्वर्गीय परमेश्वरी देवी एवं पत्नी स्वर्गीय मंजू देवी सिन्हा की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।

नीतीश कुमार ने अपने पैतृक आवास के आंगन में स्थापित माताजी स्वर्गीय परमेश्वरी देवी की प्रतिमा पर भी पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।

इस मौके पर बिहार विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के उप-नेता सह सदस्य विधान परिषद ललन कुमार सर्राफ ने भी पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

नीतीश कुमार ने गांव के देवी स्थान में विधिवत पूजा-अर्चना की। पूजा के बाद श्रद्धालुओं एवं आमजनों के बीच प्रसाद वितरण किया गया। इस मौके पर उनके पुत्र सह स्वास्थ्य मंत्री निशांत सहित परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।

पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में पारंपरिक लोक संस्कृति की भी छटा देखने को मिली। विशिष्ट कलाकारों ने निर्गुण भजन और पारंपरिक लोकगीतों की संगीतमय प्रस्तुति दी।

नीतीश कुमार ने ग्रामीण मुख्य मार्ग से मंदिर तक नवनिर्मित सड़क का लोकार्पण कर स्थानीय ग्रामीणों को समर्पित किय। इस दौरान नीतीश कुमार ने ग्रामीणों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं से आत्मीय मुलाकात की और उनका कुशलक्षेम जाना।

इस अवसर पर मुख्य सचेतक संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी , नालंदा से पार्टी सांसद कौशलेन्द्र कुमार, विधायक कृष्ण मुरारी शरण उर्फ प्रेम मुखिया, विधायक जितेंद्र कुमार, नालंदा ग्रामीण जिलाध्यक्ष मो मसरूर अहमद जुबैरी उर्फ मो अरशद एवं महानगर जिला अध्यक्ष प्रदुमन कुमार सहित नालंदा जिले के सैकड़ों कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785425 Articles

Share this story