गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व पर निकला भव्य नगर कीर्तन, गतका पार्टी के करतबों ने मोहा मन

WhatsApp Channel Join Now
गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व पर निकला भव्य नगर कीर्तन, गतका पार्टी के करतबों ने मोहा मन


किशनगंज, 23 नवंबर (हि.स.)। सिख धर्म के संस्थापक एवं प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व के अवसर पर सोमवार को शहर में भव्य नगर कीर्तन सह शोभायात्रा निकाली गई। महावीर मार्ग स्थित गुरुद्वारा साहिब से निकली शोभायात्रा में सिख समुदाय के महिला, पुरुष और बच्चों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

इस दौरान जगह-जगह 'जो बोले सो निहाल, सत श्री अकाल' के जयकारे गूंजते रहे।नगर कीर्तन दोपहर में गुरुद्वारा साहिब से प्रारंभ होकर धर्मगंज चौक, धर्मगंज बस्ती, केला बगान, सरावगी अतिथि सदन रोड, बाल मंदिर रोड, केलटैक्स चौक, मनोरंजन क्लब, धर्मशाला रोड, फल चौक, भगत टोली रोड और गांधी चौक होते हुए पुनः गुरुद्वारा पहुंचकर संपन्न हुआ। रास्ते भर श्रद्धालुओं ने गुरु नानक देव जी के प्रति अपनी श्रद्धा और आस्था प्रकट की। नगर कीर्तन में सिख युवाओं की गतका पार्टी ने पारंपरिक युद्धकला का शानदार प्रदर्शन किया। युवाओं ने तलवार, भाले और अन्य पारंपरिक शस्त्रों के साथ हैरतअंगेज करतब दिखाए। उनके साहस और कौशल को देखने के लिए विभिन्न चौक-चौराहों पर लोगों की भीड़ जुटी रही। नगर कीर्तन के दौरान सिख समुदाय के महिला और पुरुष श्रद्धालु शोभायात्रा के आगे सड़क की सफाई करते और पानी का छिड़काव करते चल रहे थे। वहीं, शहर के विभिन्न स्थानों पर सामाजिक संगठनों और स्थानीय नागरिकों की ओर से श्रद्धालुओं के स्वागत में शरबत और ठंडे पानी की व्यवस्था की गई थी। इससे सेवा, समर्पण और सामाजिक सद्भाव की अनूठी तस्वीर देखने को मिली। इस अवसर पर बिहार राज्य अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष सह गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान सरदार लखविंदर सिंह लक्खा ने कहा कि गुरु नानक देव जी ने मानवता, समानता, प्रेम और भाईचारे का संदेश दिया। उनकी शिक्षाएं आज भी समाज को एकता और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती हैं। नगर कीर्तन के सफल आयोजन में कमेटी के सचिव सरदार अजीत सिंह, सरदार गगनदीप सिंह, जसपाल सिंह, अमरदीप सिंह, नरेंद्र सिंह, सुरेंद्र सिंह, अमोलक सिंह, निशान सिंह, अमनदीप सिंह, बलदेव सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सक्रिय भागीदारी रही।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781998 Articles

Share this story