युवा भारत विकसित भारत के संदेश के साथ निकली 2 किमी लंबी पदयात्रा
किशनगंज, 07 अक्टूबर (हि.स.)। सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को राजकीय डिग्री महाविद्यालय कोचाधामन के सीबीसीएस यूजी सेमेस्टर-1 (सत्र 2026-30) के छात्र-छात्राओं ने करीब दो किलोमीटर लंबी जागरूकता पदयात्रा निकाली। पदयात्रा महाविद्यालय के मुख्य द्वार से शुरू होकर धनपुरा गांव होते हुए किशनगंज-बहादुरगंज सड़क तक पहुंची। विद्यार्थियों ने अनुशासित ढंग से गांव में भ्रमण करते हुए शिक्षा और युवा शक्ति का संदेश दिया।
पदयात्रा के दौरान छात्र-छात्राओं ने “बेटा-बेटी एक समान, तभी बढ़ेगा हिंदुस्तान”, “युवा भारत, विकसित भारत”, “शिक्षित भारत, विकसित भारत” और “बढ़े चलो, बढ़े चलो, देश के युवा बढ़े चलो” जैसे नारे लगाए। नारों की गूंज से पूरा धनपुरा गांव गुंजायमान रहा। पदयात्रा को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं और बच्चे घरों से बाहर निकल आए।महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) सजल प्रसाद ने शिक्षकों के साथ ग्रामीणों से अपने बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए महाविद्यालय भेजने की अपील की।
उन्होंने स्पॉट एडमिशन की प्रक्रिया शुरू होने की जानकारी देते हुए कहा कि प्रखंड स्तर पर कॉलेज की सुविधा उपलब्ध होने से ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा का बेहतर अवसर मिला है। उन्होंने ग्रामीणों से इसका लाभ उठाने की अपील की। पदयात्रा के बाद महाविद्यालय में “युवा भारत विकसित भारत” विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता हुई। इसमें सोनाली कुमारी प्रथम, रिया कुमारी द्वितीय और प्रियंका कुमारी तृतीय रहीं। इसके बाद आयोजित भाषण प्रतियोगिता में नौसिया प्रवीण प्रथम, लता कुमारी द्वितीय और जैनब फातमा तृतीय स्थान पर रहीं।
विजेताओं को पुरस्कार व प्रमाणपत्र दिए गए।प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों से नियमित कक्षाओं में उपस्थित रहने और पाठ्येतर गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ऐसी गतिविधियां विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

