बिहार की महिलाओं का झुकाव मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ओर: लेशी सिंह

WhatsApp Channel Join Now
बिहार की महिलाओं का झुकाव मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ओर: लेशी सिंह


कुढ़नी में हमलोग जीत रहे हैं चुनाव: जमा खान

पटना, 22 नवंबर (हि.स.)। खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री लेशी सिंह ने कहा कि कुढनी विधानसभा क्षेत्र में हो रहे उपचुनाव में महागठबंधन समर्थित प्रत्याशी मनोज कुमार कुशवाहा की जीत सुनिश्चित है। वे आज जदयू प्रदेश कार्यालय में कार्यकर्ताओं के दरबार में मंत्री कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बात कर रही थी।

उन्होंने कहा कि बिहार की महिलाओं का मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ओर झुकाव है। बिहार में महिलाएं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा किए गये कार्यों को लेकर समर्पित है। इसलिए कुढ़नी उपचुनाव में महागठबंधन की जीत सुनिश्चित है। एक सवाल के जवाब में मंत्री लेशी सिंह ने कहा कि बिहार में महिलाओं की तरक्की खुशहाली के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा नारी उत्थान के कई कार्यक्रम चलाए गये हैं, जिससे महिलाएं सशक्त और सबल हुई है। साथ ही महिलाओं में मौन क्रान्ति का संचार हुआ है।

मंत्री लेशी सिंह ने कहा कि आज बिहार पुलिस में महिलाओं को आरक्षण तथा महिला बटालियन की स्थापना से महिलाओं में नया विश्वास कायम हुआ है। आज बिहार में महिला पुलिस की संख्या पूरे देश में सबसे अधिक है जो पुरुष प्रधान समाज में नारी सशक्तिकरण का जीता-जागता उदाहरण है।

अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री जमा खान ने कहा कि मुख्यमंत्री का काम बोल रहा है और जनता समझ चुकी है क्यों और कैसे उनको चुनाव जिताना है। इस मामले में जनता एकमत हो चुकी है। उन्होंने कहा कि गोपालगंज में एआईएमआईएम ने 12 हजार वोट काटे हैं। उनको जनता समझ चुकी है और आप-हम भी समझ रहे हैं, कुछ बोलने या बताने की जरूरत नहीं है लेकिन कुढ़नी में हमलोग चुनाव जीत रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/ चंदा

Share this story