तेजस्वी अपने विभागों में देंगे डेढ़ लाख सरकारी नौकरी

तेजस्वी अपने विभागों में देंगे डेढ़ लाख सरकारी नौकरी


पटना, 21 सितंबर (हि.स.)। उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने नौकरी को लेकर एक बार फिर ऐलान किया है। उन्होंने आज राजद के राज्य परिषद की बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में कहा कि उनके पास बिहार सरकार में चार विभाग हैं। इसमें स्वास्थ्य विभाग, पथ एवं परिवहन विभाग, शहरी विकास, आवास विभाग तथा ग्रामीण कार्य विभाग हैं। वे इन्हीं चारों विभागों में डेढ़ लाख सरकारी नौकरी देंगे।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने जो कमिटमेंट किया था वो कल से शुरू हो गया है। सभी डिपार्टमेंट को कहा गया है कि रिक्त पदों को भरा जाए। उन्होंने कहा कि हर कैबिनेट बैठक में सबसे ज्यादा स्वास्थ्य डिपार्टमेंट के रिक्त पदों पर भर्ती को लेकर बात होती है। उन्होंने कहा कि सरकार बने एक महीने से ज्यादा हो गया था। इसलिए कल राजद कोटे के मंत्रियों को बुलाया था और हमने समीक्षा किया। राजद के मंत्रियों को राष्ट्रीय अध्यक्ष ने निर्देश दिया है कि अगर क्षेत्र में कोई कार्यक्रम होगा तो जिलाध्यक्ष के साथ रहे। ज्यादा महत्व संगठन विस्तार को दें। साथ ही परफॉर्मेंस के आधार पर नेताओं और कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी मिलेगी।

उन्होंने कहा हमारा लक्ष्य 2024 है। इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए कार्यकर्ताओं को काम करना होगा। जब तक हम कार्यकर्ताओं को सम्मान नहीं देंगे तब तक लक्ष्य को पूरा नहीं कर पाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार बनने के एक दिन पहले ही हमने बेरोजगारी यात्रा निकाली थी और भाजपा को ढहा दिया। कार्यकर्ताओं को दलितों के टोलों में जाने और उनको पार्टी से जोड़ने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा का अगर कोई इलाज है तो वो समाजवाद है।

हिन्दुस्थान समाचार/ चंदा

हमारे टेलीग्राम ग्रुप को ज्‍वाइन करने के लि‍ये  यहां क्‍लि‍क करें, साथ ही लेटेस्‍ट हि‍न्‍दी खबर और वाराणसी से जुड़ी जानकारी के लि‍ये हमारा ऐप डाउनलोड करने के लि‍ये  यहां क्लिक करें।

Share this story