लोक शिकायत निवारण में 98.95 प्रतिशत मामलों का हुआ निष्पादन
किशनगंज, 02 सितंबर (हि.स.)। जिला लोक शिकायत निवारण एवं आरटीपीएस के तहत प्राप्त आवेदनों के निष्पादन को लेकर बुधवार को जिलाधिकारी नवीन कुमार की अध्यक्षता में संबंधित पदाधिकारियों के साथ मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में लोक शिकायत और आरटीपीएस से जुड़े मामलों की प्रगति की समीक्षा करते हुए डीएम ने लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले में जिला लोक शिकायत निवारण अधिनियम के तहत कुल 5662 शिकायतें प्राप्त हुई हैं।
इनमें से 5603 मामलों का निष्पादन किया जा चुका है, जबकि 59 मामले लंबित हैं। इस प्रकार मामलों के निष्पादन की दर 98.95 प्रतिशत रही। वहीं, अनुमंडलीय लोक शिकायत निवारण स्तर पर कुल 9477 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 9388 का निष्पादन किया गया है। 89 आवेदन अभी लंबित हैं। बैठक में आरटीपीएस के माध्यम से प्राप्त आवेदनों की भी समीक्षा की गई। जिले में निबंधन, माप-तौल, पेंशन, राशन कार्ड, एलपीसी, म्यूटेशन, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, जाति, निवास, आय, चरित्र प्रमाण पत्र एवं प्रवासी मजदूरों से संबंधित कुल 73,647 आवेदन प्राप्त हुए हैं।
इनमें 57,823 आवेदनों का निष्पादन हो चुका है, जबकि 15,824 आवेदन लंबित हैं। डीएम ने पंचायत स्तर पर आरटीपीएस के माध्यम से प्राप्त आवेदनों के निष्पादन में तेजी लाने का निर्देश दिया। जिला पंचायती राज पदाधिकारी को पंचायत स्तर की शिकायतों का निपटारा पंचायत सरकार भवन में ही सुनिश्चित कराने को कहा गया। श्रम अधीक्षक को श्रम संसाधन विभाग की सभी योजनाओं का जमीनी स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार कर पात्र जरूरतमंदों को लाभ दिलाने का निर्देश दिया गया।
सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग को पेंशनधारियों का जीवन प्रमाणीकरण जल्द पूरा कराने तथा 60 वर्ष से अधिक उम्र के वंचित पात्र लाभुकों का नाम जोड़ने की कार्रवाई शीघ्र करने को कहा गया। बैठक में जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, अनुमंडल लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा, आईटी मैनेजर, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी एवं श्रम अधीक्षक उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

