लोक शिकायत के 98.88 फीसदी मामलों का हुआ निष्पादन, 63 मामले लंबित
किशनगंज, 19 अगस्त (हि.स.)। जिला लोक शिकायत निवारण एवं आरटीपीएस के तहत प्राप्त आवेदनों के निष्पादन को लेकर बुधवार को जिलाधिकारी नवीन कुमार की अध्यक्षता में मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में लोक शिकायत निवारण और आरटीपीएस से जुड़े मामलों की प्रगति की समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले में लोक शिकायत निवारण अधिनियम के तहत कुल 5,638 शिकायतें प्राप्त हुई हैं। इनमें से 5,575 मामलों का निष्पादन कर दिया गया है, जबकि 63 मामले लंबित हैं। इस तरह कुल 98.88 प्रतिशत मामलों का निष्पादन किया जा चुका है। वहीं, अनुमंडलीय लोक शिकायत निवारण के तहत कुल 9,435 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें 9,365 आवेदनों का निष्पादन किया गया है, जबकि 70 आवेदन लंबित हैं।
आरटीपीएस के माध्यम से निबंधन, माप-तौल, पेंशन, राशन कार्ड, एलपीसी, म्यूटेशन, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, जाति, निवास, आय, चरित्र प्रमाण पत्र एवं प्रवासी मजदूरों से संबंधित कुल 23,419 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें 23,410 आवेदनों का निष्पादन कर दिया गया है और मात्र नौ आवेदन लंबित हैं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आरटीपीएस के माध्यम से पंचायत स्तर पर प्राप्त आवेदनों के निष्पादन में तेजी लाएं और लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा सुनिश्चित करें। उन्होंने समय सीमा के भीतर आवेदनों के निष्पादन पर विशेष ध्यान देने को कहा। बैठक में जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, आईटी मैनेजर, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक सहित सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े थे।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

