रेलवे स्टेशन से 91.50 लीटर विदेशी शराब बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार
किशनगंज, 04 जुलाई (हि.स.)। उत्पाद विभाग एवं रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की संयुक्त टीम ने शनिवार को किशनगंज रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-2 पर छापेमारी कर 91.50 लीटर विदेशी शराब बरामद की।
कार्रवाई के दौरान शराब तस्करी के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान बेगूसराय जिले के रहने वाले शंभू साहनी एवं दानी साहनी के रूप में हुई है।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि बरामद शराब पश्चिम बंगाल से लाई गई थी। इसे किशनगंज रेलवे स्टेशन से ट्रेन के माध्यम से बेगूसराय भेजने की तैयारी थी। गुप्त सूचना के आधार पर आरपीएफ और उत्पाद विभाग की संयुक्त टीम ने रेलवे स्टेशन परिसर में तलाशी अभियान चलाया।
इसी दौरान प्लेटफॉर्म संख्या-2 पर दो युवक संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिए। दोनों को रोककर उनके बैग की तलाशी लेने पर 91.50 लीटर विभिन्न ब्रांड की विदेशी शराब बरामद हुई।कार्रवाई में आरपीएफ निरीक्षक एच.के. शर्मा, उत्पाद निरीक्षक हैदर अली सहित आरपीएफ एवं उत्पाद विभाग के जवान शामिल रहे।
आरपीएफ निरीक्षक एच.के. शर्मा ने बताया कि रेल मार्ग से शराब तस्करी की सूचना मिलने पर संयुक्त अभियान चलाया गया, जिसमें दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर शराब जब्त की गई।
उत्पाद निरीक्षक हैदर अली ने बताया कि दोनों आरोपितों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। साथ ही उनसे पूछताछ कर शराब तस्करी के नेटवर्क और अन्य संलिप्त लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

