बरौनी-दिल्ली और दरभंगा-दिल्ली एक्सप्रेस का बढ़ा परिचालन, यात्रियों को बड़ी राहत

WhatsApp Channel Join Now

सीवान, 02 सितंबर (हि.स.)। यात्रियों की बढ़ती सुविधा और मांग को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने बरौनी एवं दरभंगा से नई दिल्ली के बीच चल रही विशेष ट्रेनों के परिचालन की अवधि बढ़ा दी है। पूर्वोत्तर रेलवे के अनुसार, इन ट्रेनों के संचालन समय, ठहराव और मार्ग में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

रेलवे की ओर से जारी सूचना के अनुसार 02563 बरौनी-नई दिल्ली एक्सप्रेस का परिचालन अब 30 नवंबर 2026 तक किया जाएगा। इसके 88 अतिरिक्त फेरे लगाए जाएंगे।

इसी तरह 02564 नई दिल्ली-बरौनी एक्सप्रेस का परिचालन 1 दिसंबर 2026 तक बढ़ाया गया है और इसके भी 88 अतिरिक्त फेरे होंगे। वहीं, 02569 दरभंगा-नई दिल्ली एक्सप्रेस का परिचालन 30 नवंबर 2026 तक तथा 02570 नई दिल्ली-दरभंगा एक्सप्रेस का परिचालन 1 दिसंबर 2026 तक विस्तारित किया गया है। दोनों ट्रेनों के भी 88-88 अतिरिक्त फेरे निर्धारित किए गए हैं।

विस्तारित अवधि में यात्रियों की सुविधा के लिए प्रत्येक ट्रेन में कुल 18 कोच लगाए गए हैं। इनमें एक जनरेटर सह लगेज यान, एक एलएसएलआरडी, चार शयनयान, पांच वातानुकूलित तृतीय इकोनॉमी श्रेणी तथा सात वातानुकूलित तृतीय श्रेणी के कोच शामिल हैं।

रेलवे के इस निर्णय से बिहार से दिल्ली आने-जाने वाले यात्रियों को खास राहत मिलने की उम्मीद है, वहीं त्योहारों और आगामी यात्रा सीजन में अतिरिक्त ट्रेनों के संचालन से भीड़ को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

Share this story