बीएसएफ खगड़ा कैंप में हर्षोल्लास से मना 80वां स्वतंत्रता दिवस

WhatsApp Channel Join Now
बीएसएफ खगड़ा कैंप में हर्षोल्लास से मना 80वां स्वतंत्रता दिवस


बीएसएफ खगड़ा कैंप में हर्षोल्लास से मना 80वां स्वतंत्रता दिवस


किशनगंज, 15 अगस्त (हि.स.)। सीमा सुरक्षा बल (BSF) के खगड़ा कैंप स्थित क्षेत्रीय मुख्यालय, किशनगंज में शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, अनुशासन और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। क्षेत्रीय मुख्यालय एवं 80वीं वाहिनी BSF के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि क्षेत्रीय मुख्यालय किशनगंज के उपमहानिरीक्षक गणेश कुमार ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया।

राष्ट्रगान की धुन के बीच अधिकारियों एवं सीमा प्रहरियों ने तिरंगे को सलामी दी और देश की सीमाओं की सुरक्षा के प्रति अपने संकल्प को दोहराया। समारोह को संबोधित करते हुए DIG गणेश कुमार ने स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों एवं वीर सेनानियों के त्याग और बलिदान को नमन किया।

उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों का अदम्य साहस और राष्ट्र के प्रति समर्पण सभी नागरिकों और जवानों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने सीमा सुरक्षा बल के जवानों के अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण और निष्ठा की सराहना करते हुए पूरी ईमानदारी और मुस्तैदी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।

समारोह के दौरान देशभक्ति और राष्ट्रसेवा की भावना के साथ विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। अधिकारियों एवं जवानों ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व को याद करते हुए राष्ट्र की एकता और अखंडता की रक्षा का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर सामाजिक सरोकार से जुड़ा महत्वपूर्ण संदेश भी दिया गया। उपस्थित अधिकारियों एवं जवानों को नशामुक्त भारत के निर्माण के लिए जागरूक रहने तथा समाज में नशामुक्ति का संदेश प्रसारित करने की शपथ दिलाई गई।

अंत में DIG गणेश कुमार ने सभी सीमा प्रहरियों एवं उनके परिवारों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। समारोह में क्षेत्रीय मुख्यालय एवं 80वीं वाहिनी BSF के अधिकारी, जवान एवं अन्य कर्मी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story