सारण में सीमावर्ती जयप्रभा सेतु पर विशेष चेकिंग अभियान,276 लीटर विदेशी शराब के साथ 8 गिरफ्तार
सारण, 15 अगस्त (हि.स.)। जब पूरा देश 15 अगस्त को आजादी के जश्न में डूबा हुआ था, ठीक उसी समय शराब तस्कर इस मौके का फायदा उठाकर उत्तर प्रदेश और बिहार के सीमावर्ती मांझी थाना क्षेत्र स्थित जयप्रभा सेतु के रास्ते शराब की बड़ी खेप खपाने की फिराक में थे। सारण पुलिस के नशा विरोधी अभियान ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में मांझी थाना पुलिस को इस अंतर-जिला शराब तस्करी के गिरोह का पर्दाफाश करने में सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-2 के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बलिया मोड़ के समीप विशेष वाहन जांच अभियान चलाया।
संदेह के आधार पर रोके गए दो चारपहिया वाहनों की तलाशी लेने पर 276 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए बोलबम के परिधान को ढाल बनाया हुआ था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर और शेखपुरा जिले के 8 तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया तथा दोनों वाहनों को जब्त कर लिया। मांझी थाना में मद्यनिषेध के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

