75 साल पुरानी पांडुलिपियों को सहेजने के लिए विशेष संरक्षण अभियान

WhatsApp Channel Join Now
75 साल पुरानी पांडुलिपियों को सहेजने के लिए विशेष संरक्षण अभियान


भागलपुर, 07 मई (हि.स.)। भारत सरकार के ज्ञान भारत मिशन के तहत प्राचीन पांडुलिपियों और हस्तलिखित दस्तावेजों के संरक्षण को लेकर भागलपुर में पहल तेज हो गई है। इसी को लेकर समीक्षा भवन में गुरुवार को जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि 75 वर्ष से अधिक पुरानी पांडुलिपियों, हस्तलिखित लेखों, कहानियों और ऐतिहासिक दस्तावेजों का संकलन और संरक्षण किया जाएगा। इसका उद्देश्य देश की सांस्कृतिक और बौद्धिक विरासत को सुरक्षित रखना है ताकि आने वाली पीढ़ियां इससे जुड़ सकें। जिलाधिकारी ने कहा कि इस अभियान को सफल बनाने में आम लोगों की भूमिका भी बेहद महत्वपूर्ण है।

उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि उनके पास पुराने हस्तलिखित दस्तावेज, पांडुलिपियां या ऐतिहासिक सामग्री मौजूद है तो वे प्रशासन को इसकी जानकारी दें और संरक्षण अभियान में सहयोग करें। प्रशासन का मानना है कि यह अभियान भागलपुर की ऐतिहासिक और साहित्यिक धरोहर को संरक्षित करने की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story